Monday, July 13, 2026 |
Home Business Remediesजलभराव की वजह से व्यवस्थाओं की खुली पोल, चिंता का संकेत

जलभराव की वजह से व्यवस्थाओं की खुली पोल, चिंता का संकेत

by Business Remedies
0 comments
punit jain

बारिश अब हर वर्ष कुछ नई चुनौतियां लेकर आने लगी है। इस बार अनेक शहरों में जलभराव की वजह से जिस तरह व्यवस्थाओं की पोल खुली, वह आने वाले वर्षों के लिए बड़ी चिंता का संकेत है। उत्तरप्रदेश की विधानसभा में पानी भर गया। वहीं दिल्ली में एक कोचिंग केंद्र के तलघर में इतनी तेजी से पानी भर गया कि तीन विद्यार्थी उसमें डूब कर मर गए। जल निकासी की व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह इस वर्ष बरसात शुरू होने के साथ ही लगने शुरू हो गए थे। सबसे अधिक किरकिरी तो अयोध्या में बने नए मंदिर और दूसरी इमारतों को लेकर हुई। पहली ही बारिश में वहां की सडक़ें धंस गई। शहर में जगह-जगह पानी भर गया। मुंबई और पुणे में पिछले अन्य वर्षों की तुलना में इस वर्ष जल भराव से कुछ अधिक तबाही देखी जा रही है। केरल में भी ऐसा ही कुछ हुआ। वहीं राजस्थान में गत दिनों हुई बारिश से जयपुर के पॉश इलाकों में भी एक-दो फीट तक पानी जमा हो गया है। वहीं शहर के विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में एक घर के बेसमेंट में पानी भरने से एक परिवार फंस गया। जहां पानी में डूबने से तीन लोगों की मौत की खबर सामने आई है। हालांकि, इस दौरान सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीम ने एक व्यक्ति को सफलतापूर्वक बचा लिया। ऐसा नहीं माना जा सकता कि नगर निकाय और दूसरे संबंधित विभाग जलभराव की समस्या और जल निकासी के रास्तों में आने वाली अड़चनों से अनजान हैं। मगर इस समस्या के समाधान को लेकर उनमें संजीदगी नजर नहीं आती। गतदिनों ही जयपुर, सीकर समेत कई जिलों में लगातार बारिश को दौर जारी है और लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया। जिस कारण से यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है। वहीं, प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल एसएमएस अस्पताल में भी कई जगह पानी भर गया है। पिछले कई दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण भी शहर में हालात भयावह हो गए। कई जगह कचरे के ढेर लगने से और जलभराव हो गया है। करतारपुर नाले में भी उफान है। वहीं, अजमेर रोड और सीकर रोड पर पानी भरने से खतरा बढ़ गया है। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाहर पानी भरने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के चलते जयपुर एयरपोर्ट के पोर्च एरिया में पानी भर गया। एयरपोर्ट के अराइवल हॉल, बेसमेंट में पानी भर गया, जिसे 2 मोटर पंपों के जरिए बाहर निकालने का प्रयास जारी है।



You may also like

Leave a Comment