Thursday, November 19, 2026 |
Home Banking and InsuranceAirtel Payment Bank का एनुअलाइज्ड राजस्व 3,500 करोड़ रुपए के पार; वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में एनुअलाइज्ड एबिट्डा 500 करोड़ रुपए के करीब पहुँचा

Airtel Payment Bank का एनुअलाइज्ड राजस्व 3,500 करोड़ रुपए के पार; वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में एनुअलाइज्ड एबिट्डा 500 करोड़ रुपए के करीब पहुँचा

बैंक ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में 875.5 करोड़ रुपए का राजस्व दर्ज किया है, जो साल-दर-साल आधार पर 8.9% अधिक है; वहीं, शुद्ध लाभ 139% बढ़कर 113 करोड़ रुपए हो गया है

by Business Remedies
0 comments

जयपुर, नवंबर, 2026: Airtel Payment Bank  भारत के पहले डिजिटल बैंक, ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही (30 सितंबर, 2026 को समाप्त) के नतीजों की घोषणा की है। बैंक का एनुअलाइज्ड राजस्व 3,500 करोड़ रुपए के पार पहुँच गया है। इस तिमाही में बैंक ने 875.5 करोड़ रुपए का राजस्व दर्ज किया, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 8.9% अधिक है। वहीं, एनुअलाइज्ड आधार पर एबिट्डा करीब 500 करोड़ रुपए और शुद्ध मुनाफा लगभग 113 करोड़ रुपए तक पहुँच गया है। इससे पता चलता है कि बैंक का कारोबारी मॉडल मजबूत और परिपक्व हो रहा है। दूसरी तिमाही में बैंक का एबिट्डा साल दर साल 39.4% बढ़कर 124.5 करोड़ रुपए रहा, जबकि मुनाफा 139% उछलकर 28.2 करोड़ रुपए पर पहुँच गया।

तिमाही के दौरान ग्राहकों का जुड़ाव मजबूत बना रहा। रोजमर्रा के डिजिटल भुगतान के लिए अलग खाता चाहने वाले ग्राहकों को बैंक का ‘सेफ सेकंड अकाउंट’ पसंद आ रहा है। इसी का नतीजा है कि बचत खातों में हर महीने लेनदेन करने वाले ग्राहकों की संख्या साल दर साल 21.1% बढ़कर 31 मिलियन हो गई। आज यूपीआई ऑटोपे मैंडेट में बैंक देश में दूसरे नंबर पर है और यूजर्स के लिहाज से दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल बैंक भी है। ग्राहकों की जमा राशि साल दर साल आधार पर 10% बढ़कर करीब 4,385 करोड़ रुपए हो गई। बैंक के जरिए सालाना हिसाब से 51 अरब अमेरिकी डॉलर के भुगतान हो रहे हैं।

Airtel Payment Bank  के एमडी और सीईओ अनुब्रत बिस्वास ने कहा, “एयरटेल पेमेंट्स बैंक में हमने कदम-दर-कदम अपना दायरा बढ़ाया है और आज हम एक मजबूत और आर्थिक रूप से स्थायी डिजिटल बैंक बन चुके हैं। लगातार बढ़ता कारोबार और मुनाफा दिखाता है कि हमारा बिजनेस मॉडल अब परिपक्व है। ग्राहक और व्यापारी, दोनों हमारी सेवाओं को अच्छी तरह अपना रहे हैं और भुगतान की पूरी प्रक्रिया में हमारी सेवाएं बिना रुकावट काम कर रही हैं। देश में डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल बढ़ने के साथ हमारा ध्यान ग्राहकों को और करीब लाने, अपनी सेवाओं को और बेहतर बनाने और डिजिटल बैंकिंग में अपनी अग्रणी स्थिति और मजबूत करने पर है।”

शहरी परिवहन क्षेत्र में बैंक अब तक 7 मिलियन नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड जारी कर चुका है और देश के प्रमुख मेट्रो रेल नेटवर्क के साथ अपनी साझेदारी बढ़ाई है। पहले से चल रही साझेदारियों के अलावा अब पटना मेट्रो और लखनऊ मेट्रो में भी बैंक की सेवाएँ मिल रही हैं। देश में सार्वजनिक परिवहन से जुड़े हर चार में से तीन भुगतान बैंक के जरिए होते हैं, जिससे यात्रियों का सफर आसान हो रहा है।

ग्रामीण इलाकों में बैंक अपने ‘गारंटी सब्सिडी खाता’ को और बेहतर बना रहा है। इसके तहत ग्राहकों को भरोसा मिलता है कि जिन सरकारी सब्सिडी के वे हकदार हैं, वह उनके बैंक खाते में पहुँचेगी। देशभर में 5 लाख से अधिक सक्रिय बैंकिंग केंद्रों के साथ बैंक चार में से तीन गाँवों तक बैंकिंग सेवाएँ पहुँचा रहा है। ऑफलाइन उपभोक्ता भुगतान में भी बैंक अग्रणी है: आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम के तहत होने वाले हर चार में से एक लेनदेन और देश के आधे रेमिटेंस बैंक के जरिए होते हैं।

अग्रणी एग्रीगेटर्स के साथ साझेदारी से बैंक के बी2बी डिजिटल भुगतान और कार्ड एक्वायरिंग कारोबार में अच्छी तेजी बनी हुई है। इसके अलावा ऑफलाइन बी2बी भुगतान में बैंक हर महीने करीब 7,000 करोड़ रुपए के नकद लेनदेन को डिजिटल में बदल रहा है, जिससे कारोबारियों के लिए नकदी संभालना और भुगतान वसूलना आसान हो रहा है।

छोटे दुकानदारों और कारोबारियों के बीच बैंक के करंट अकाउंट और साउंडबॉक्स का पैकेज लोकप्रिय हो रहा है और इसका इस्तेमाल करने वाले सक्रिय व्यापारियों की संख्या 5 लाख तक पहुँच गई है। तुरंत सेटलमेंट और आसानी से पेमेंट लेने की सुविधा के दम पर एयरटेल पेमेंट्स बैंक देश के तेजी से बदलते डिजिटल भुगतान बाजार में अगले दौर की बढ़त का फायदा उठाने के लिए तैयार है।



You may also like

Leave a Comment