जयपुर | बिजनेस रेमेडीज
आईटी और डिजिटल समाधान प्रदाता कंपनी एसआरआईटी इंडिया लिमिटेड के शेयरों ने मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में शानदार शुरुआत की। कंपनी का 218.40 करोड़ रुपए का आईपीओ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर अच्छे प्रीमियम के साथ लिस्ट हुआ। एनएसई पर कंपनी के शेयर अपने इश्यू प्राइस 130 के मुकाबले 13.85 फीसदी बढक़र 148 रुपए प्रति शेयर पर लिस्ट हुए। वहीं, बीएसई पर भी यह स्टॉक 7.54 फीसदी की बढ़त के साथ 139.80 रुपए पर खुला। लिस्टिंग के तुरंत बाद निवेशकों की मजबूत दिलचस्पी के चलते शेयर में और तेजी देखी गई।
यह मजबूत लिस्टिंग कंपनी के पब्लिक इश्यू को मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद आई है। तीन दिवसीय बिडिंग अवधि के दौरान एसआरआईटी इंडिया के आईपीओ को निवेशकों द्वारा 125.16 गुना सब्सक्राइब किया गया था। कंपनी ने इस आईपीओ के लिए 123 रुपए से 130 रुपए प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया था। बेंगलुरु मुख्यालय वाली यह कंपनी मुख्य रूप से भारत और चुनिंदा विदेशी बाजारों में हेल्थ केयर, ई-गवर्नेंस और टेलीकॉम जैसे क्षेत्रों में सरकारी संस्थाओं और उद्यमों के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म डिजाइन और संचालित करती है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि आईपीओ से प्राप्त शुद्ध राशि का उपयोग मुख्य रूप से पूंजीगत व्यय और वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा।

