जयपुर | बिजनेस रेमेडीज
महाराष्ट्र के औरंगाबाद आधारित ‘LAPL Automotive Limited’ कई प्रकार के आटोमोटिव कॉम्पोनेंट्स और एसेसरीज इक्विपमेंट का डिजाइन, निर्माण और आपूर्ति करने वाली कंपनी है। कंपनी द्वारा महाराष्ट्र के औरंगाबाद स्थित ऑरिक सिटी में एक अतिरिक्त विनिर्माण इकाई स्थापित करने के लिए कंपनी की पूंजीगत व्यय आवश्यकताओं के वित्तपोषण, कंपनी द्वारा लिए गए कुछ बकाया सुरक्षित ऋणों का पूर्ण या आंशिक पुनर्भुगतान और/या पूर्व भुगतान और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के प्रोस्पेक्ट्स से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।
कारोबारी गतिविधियां: 2004 में निगमित ‘एलएपीएल ऑटोमोटिव लिमिटेड’ आटोमोटिव कॉम्पोनेंट्स और एसेसरीज इक्विपमेंट की एक विस्तृत श्रृंखला की डिजाइन, निर्माण और आपूर्ति करने वाली कंपनी है। यह कंपनी ऑटोमोटिव लाइटिंग और सिग्नलिंग उत्पादों के निर्माण में विशेषज्ञता रखती है।
कंपनी अपने ब्रांड “एलएपीएल” के तहत एक ओडीएम और ओबीएम के रूप में काम करती है और महाराष्ट्र के औरंगाबाद में ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स का डिजाइन और निर्माण करती है। कंपनी ग्राहकों एवं वाहन निर्माताओं को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले समाधान प्रदान करती है। विनिर्माण सुविधा महाराष्ट्र के औरंगाबाद के एमआईडीसी वालुज क्षेत्र में रणनीतिक रूप से स्थित है, जो अत्याधुनिक मशीनरी, टूल रूम सुविधाओं और उच्चतम गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित करने के लिए एक समर्पित परीक्षण प्रयोगशाला से सुसज्जित है।
प्रोडक्ट पोर्टफोलियो
लाइटिंग डिवीजन के अंतर्गत: यह कंपनी टेल लैंप, ब्लिंकर लैंप और हेडलाइट जैसे आवश्यक ऑटोमोटिव लाइटिंग कंपोनेंट बनाती हैं, जो विभिन्न ड्राइविंग स्थितियों में सुरक्षा, दृश्यता और टिकाऊपन के लिए एइईएस मानकों को पूरा करते हैं।
मोटर डिवीजन के अंतर्गत: कंपनी स्टार्टर मोटर, वाइपर मोटर और रोटर बनाती हैं, जो विभिन्न परिस्थितियों में दोपहिया और तिपहिया वाहनों में विश्वसनीय प्रदर्शन के लिए टिकाऊपन, दक्षता और मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करते हैं।
मिरर डिवीजन के अंतर्गत: कंपनी दोपहिया और तिपहिया वाहनों के लिए रियर-व्यू मिरर बनाती हैं, जो स्पष्ट दृश्यता, टिकाऊपन और एंटी-ग्लेयर विशेषताएं प्रदान करते हैं। इन्हें सुरक्षा, वायुगतिकीय दक्षता और आसान स्थापना के लिए डिज़ाइन किया गया है।
31 मार्च, 2026 तक, कंपनी में 59 स्थायी कर्मचारी और 151 संविदा श्रमिक कार्यरत थे।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 6,103.39 लाख रुपए का कुल राजस्व और 217.37 लाख रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 6,707.28 लाख रुपए का कुल राजस्व और 503.45 लाख रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने 9431.54 लाख रुपए का कुल राजस्व और 862.69 लाख रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने करीब 9.14 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है।
प्रवर्तकों का अनुभव
59 वर्षीय के नीरज सत्यप्रकाश गोयल कंपनी के प्रमोटर, चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। वे कंपनी की स्थापना से ही इससे जुड़े हुए हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री प्राप्त की है। उन्हें ऑटोमोटिव और इलेक्ट्रिकल उद्योग में उत्पादन कार्यों, व्यवसाय विकास, रणनीतिक योजना और परिचालन प्रबंधन का 37 वर्षां से अधिक का अनुभव है। इससे पहले, वे 1988 से 2004 तक ब्राइटैक्स ऑटो इंडस्ट्रीज लिमिटेड में प्रोजेक्ट मैनेजर/प्लांट हेड के पद पर कार्यरत थे। वे कंपनी की समग्र वृद्धि, परिचालन दक्षता सुनिश्चित करने, प्लांट संचालन, उत्पादन योजना, गुणवत्ता नियंत्रण और प्रक्रिया दक्षता संबंधी पहलों के लिए जिम्मेदार हैं।
54 वर्षीया अनीता नीरज गोयल कंपनी की प्रमोटर और गैर-कार्यकारी निदेशक हैं। उन्होंने गवर्नमेंट गर्ल्स सेकेंडरी स्कूल नंबर 5, नई दिल्ली से मैट्रिकुलेशन की उपाधि प्राप्त की है। वे 2011 से कंपनी से जुड़ी हुई हैं। वे एक्यूरेट लॉजिस्टिक्स सर्विसेज और अन्नू इंडस्ट्रीज की एकमात्र मालिक हैं। उन्हें ऑटोमोटिव मोल्डिंग और प्लास्टिक उद्योग में कुल 22 वर्षों का अनुभव है। वे कंपनी में लॉजिस्टिक्स संचालन, उत्पादन पर्यवेक्षण, व्यवसाय योजना और विक्रेता एवं ग्राहक समन्वय के लिए जिम्मेदार हैं। वे रणनीतिक दिशा, परिचालन पर्यवेक्षण और अनुपालन मामलों पर सुझाव देती हैं। उनका अनुभव और अंतर्दृष्टि कंपनी को निर्णय लेने की प्रक्रियाओं और उचित शासन मानकों को बनाए रखने में सहायता करती है।
27 वर्षीय शुभम नीरज गोयल कंपनी के प्रमोटर और कार्यकारी निदेशक हैं। उन्होंने सिम्बायोसिस स्किल्स एंड प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी से लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन मैनेजमेंट में बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री प्राप्त की है। वे 2023 से कंपनी से जुड़े हुए हैं। उन्हें ऑटोमोटिव विनिर्माण और इंजीनियरिंग उद्योग में व्यावसायिक संचालन की देखरेख का कुल 5 वर्षों का अनुभव है। वे रणनीतिक निर्णय लेने, संसाधन आवंटन का प्रबंधन करने और ग्राहक संबंधों को मजबूत करने के लिए जिम्मेदार हैं।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘एलएपीएल ऑटोमोटिव लिमिटेड’ का आईपीओ बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर 6 अगस्त को खुलकर 10 अगस्त 2026 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 34,46,400 इक्विटी शेयर तक 88 से 94 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 32 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ को मार्केट लॉट साइज 1200 शेयरों का है और रिटेल निवेशकों को दो लॉट के लिए आवेदन करना होगा। कंपनी के आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी जीवाईआर कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

