Friday, September 11, 2026 |
Home Business Remediesपीएम मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष: मंत्रियों ने विकसित भारत के संकल्प और उपलब्धियों को बताया ऐतिहासिक

पीएम मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष: मंत्रियों ने विकसित भारत के संकल्प और उपलब्धियों को बताया ऐतिहासिक

by Business Remedies
0 comments
PM Modi completes 12 years in leadership as Union Ministers highlight achievements and Viksit Bharat vision

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे हुए 12 वर्षों को देश के विकास, जनकल्याण और सुशासन का महत्वपूर्ण दौर बताया है। मंत्रियों ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में मजबूत आधार तैयार हुआ है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इस अवधि में देश ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण से लेकर महिला सशक्तिकरण तक, किसान कल्याण से लेकर युवाओं के लिए नए अवसरों के निर्माण तक, आधुनिक आधारभूत ढांचे से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा तक, बीते 12 वर्षों में देश ने परिवर्तन, प्रगति और आत्मविश्वास की नई गाथा लिखी है। उन्होंने सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि हर महीने 81 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। महिलाओं के लिए 32 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले गए हैं, जबकि 91 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है।

गोयल ने यह भी बताया कि देश में 26 शहरों तक मेट्रो रेल नेटवर्क का विस्तार होकर 1,100 किलोमीटर से अधिक पहुंच चुका है। वर्तमान में 164 वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं। देश में हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 164 हो गई है। इसके साथ ही देशभर में 2.2 लाख से अधिक नवाचार आधारित उद्यम स्थापित हुए हैं, जिससे रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा मिला है। केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि मोदी सरकार के पिछले 12 वर्षों का मूल मंत्र “जन सेवा से जन शक्ति” रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्रत्येक पहल का उद्देश्य नागरिकों को समावेशन, नवाचार और अवसरों के माध्यम से सशक्त बनाना रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले जा चुके हैं और इनमें जमा राशि लगभग ₹.3 लाख करोड़ से अधिक हो चुकी है। वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। सीतारमण ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को सहायता प्रदान करने के लिए 1.15 करोड़ से अधिक सूक्ष्म ऋण वितरित किए गए हैं। इस योजना के तहत कुल ₹.18,600 करोड़ से अधिक की राशि लाभार्थियों तक पहुंचाई गई है। पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने जनकल्याण को शासन के केंद्र में रखकर विकास के नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और गरीबों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता ने करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।

सिंधिया ने कहा कि आधारभूत ढांचे के विकास, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती उपस्थिति जैसे क्षेत्रों में देश ने नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना जारी रखा है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों का विश्वास ही देश की सबसे बड़ी शक्ति है और यही विकसित भारत के संकल्प को गति प्रदान कर रहा है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने प्रधानमंत्री मोदी को ऐसा नेता बताया जो सत्ता को विशेषाधिकार नहीं बल्कि सेवा का माध्यम मानते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का हर क्षण देश के लिए समर्पित है और उनका प्रत्येक प्रयास भारत के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए है। पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री की अनुशासनप्रियता, दृढ़ संकल्प और बड़े लक्ष्यों को धरातल पर उतारने की क्षमता ने आत्मविश्वासी भारत की नींव को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि करोड़ों नागरिक प्रधानमंत्री मोदी को केवल देश के प्रधानमंत्री के रूप में नहीं बल्कि विकसित भारत के मार्गदर्शक के रूप में भी देखते हैं।



You may also like

Leave a Comment