Business Remedies/ Kolkata। Exide Industries Limited का एकीकृत शुद्ध मुनाफा चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितम्बर तिमाही में 26 प्रतिशत घटकर 173.64 करोड़ रुपये रहा। Exide Industries ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कंपनी ने एक साल पहले इसी तिमाही में 233.40 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध मुनाफा अर्जित किया था।
तिमाही के दौरान परिचालन से एकीकृत राजस्व 1.9 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 4,364.51 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 4,450.00 करोड़ रुपये था। सितम्बर 2025 को समाप्त छमाही में, एकीकृत शुद्ध मुनाफा 1.3 प्रतिशत घटकर 448.22 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्तवर्ष 2024-25 की पहली छमाही में यह 454.15 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने कहा कि तिमाही में उसका प्रदर्शन GST व्यवस्था में बदलाव के कारण प्रभावित हुआ, जिसके तहत batteries पर कर की दर 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दी गई, जो 22 सितम्बर, 2025 से प्रभावी हुआ। एक विज्ञप्ति में, Exide Industries ने कहा कि GST 2.0 सुधार एक ‘स्वागत योग्य कदम’ था जिससे खपत बढ़ने की उम्मीद थी, लेकिन इसके कारण channel partners ने नए stock और नई कीमतों की उम्मीद में खरीदारी स्थगित कर दी, जिसके परिणामस्वरूप तिमाही के दौरान मांग कम रही।

