बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। तमिलनाडु आधारित ‘एलजीटी बिजऩेस कनेक्शंस लिमिटेड’ एकीकृत रूप से ट्रैवल सॉल्यूशन देने वाली प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा पूंजीगत व्यय के लिए राशि जुटाने, कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर २१ अगस्त को बंद होगा।
कारोबारी गतिविधियां: वर्ष 2016 में निगमित एकीकृत ट्रैवल सॉल्यूशन पार्टनर एलजीटी बिजऩेस कनेक्शंस लिमिटेड थर्ड पार्टी होटलों, एयरलाइनों और वीज़ा एजेंटों से सीधे या प्रमुख एग्रीगेटर्स के माध्यम से सेवाओं को एकत्रित करके एकीकृत यात्रा समाधान प्रदान करने में विशेषज्ञता रखती है। कंपनी एमआईसीई, अवकाश यात्राएँ, कू्रज बुकिंग और होटल आरक्षण सहित यात्रा सेवाओं का एक व्यापक समूह प्रदान करती है। कंपनी बीटूसी सेगमेंट को सेवा प्रदान करती है, जिसमें होटल आवास और वीज़ा प्रसंस्करण जैसी स्टैंडअलोन सेवाएँ शामिल हैं।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 60.99 करोड़ रुपए का परिचालन राजस्व और 2.97 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 89.35 करोड़ रुपए का परिचालन राजस्व और 3.63 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 100.42 करोड़ रुपए का परिचालन राजस्व और 5.21 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी साल दर साल अच्छे वित्तीय परिणाम प्रस्तुत कर रही है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 5.17 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2025 में तक कंपनी की असेट 27.17 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 12.45 करोड़ रुपए और रिजर्व एवं सरप्लस 5.44 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 9.58 करोड़ रुपए दर्ज किया गया। कंपनी का कर्ज़ इक्विटी अनुपात 0.77 गुना का है। इस आधार पर कहा जा सकता है कि कंपनी पर कर्ज भार अधिक नहीं है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘एलजीटी बिजऩेस कनेक्शंस लिमिटेड’ का आईपीओ आज खुलकर 21 अगस्त 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा 10 रुपए फेसवैल्यू के 26,25,600 शेयर 107 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 28.09 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। इनमें से कंपनी के शेयरधारकों द्वारा ऑफर फॉर सेल के माध्यम से 2,62,800 शेयर बिक्री कर 2.81 करोड़ रुपए हासिल किए जाएंगे। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1200 शेयरों का है और रिटेल निवेशकों को 2 लॉट के लिए आवेदन करना होगा। आईपीओ का प्रबंध प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी मार्क कॉर्पोरेट एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

