Friday, July 17, 2026 |
Home Breaking Newsभारत में सैमसंग बढ़ा रहा है एडवांस्ड टेक डिवाइस का निर्माण: अश्विनी वैष्णव

भारत में सैमसंग बढ़ा रहा है एडवांस्ड टेक डिवाइस का निर्माण: अश्विनी वैष्णव

by Business Remedies
0 comments

 

नई दिल्ली (आईएएनएस)। दक्षिण कोरियाई कंपनी सैमसंग भारत में अपने एडवांस्ड टेक्नोलॉजी डिवाइस, जैसे लैपटॉप आदि, का उत्पादन लगातार बढ़ा रही है। यह जानकारी केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी।

मंत्री ने बताया कि ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को बड़ी मजबूती मिली है। 2014-15 में जहां भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन 31 अरब डॉलर था, वहीं अब यह बढ़कर 133 अरब डॉलर हो गया है। निर्यात में भी तेजी आई है और वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में इलेक्ट्रॉनिक्स एक्सपोर्ट पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 47% से ज्यादा बढ़ा है।

वैष्णव ने कहा, “सैमसंग भारत में अपने एडवांस्ड टेक्नोलॉजी डिवाइस का निर्माण बढ़ा रहा है। इसकी रिसर्च यूनिट में 7,000 से ज्यादा इंजीनियर काम कर रहे हैं।”

सरकार ने आत्मनिर्भर भारत के लिए कई कदम उठाए हैं। 2014 में जहां सिर्फ 2 मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट थीं, आज यह संख्या बढ़कर 300 से ज्यादा हो गई है।

IDC के अनुसार, चालू वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में भारत के पारंपरिक पीसी बाजार (डेस्कटॉप, नोटबुक और वर्कस्टेशन) में 7.1% वृद्धि हुई है और शिपमेंट 3.39 मिलियन यूनिट तक पहुंच गई है।

इस बीच, सैमसंग इंडिया ने बताया कि हाल ही में लॉन्च किया गया ‘मेड इन इंडिया’ गैलेक्सी Z Fold7 न केवल टियर-3 शहरों, बल्कि टियर-4 और उससे आगे के इलाकों में भी बड़ी मांग हासिल कर रहा है।

सैमसंग इंडिया के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राजू पुलन ने कहा, “गैलेक्सी Z Fold7 की अभूतपूर्व मांग के चलते हमें छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में भी स्टॉक आवंटित करने पड़े हैं। हम इन बाजारों को बेहतर तरीके से सेवा देंगे।”

कंपनी ने बताया कि कई जगहों पर गैलेक्सी Z Fold7 ‘आउट ऑफ स्टॉक’ हो गया है। बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए सैमसंग अपने नोएडा प्लांट में उत्पादन और बढ़ा रहा है।



You may also like

Leave a Comment