बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। अगर आपको कला, डिज़ाइन, आर्किटेक्चर या रंगों और रचनात्मकता से जऱा भी लगाव है, तो तैयार हो जाइए, गुलाबी शहर, जयपुर इस हफ्ते बनने जा रहा है दुनिया भर के डिज़ाइनर्स, कलाकारों और इनोवेटर्स का केंद्र। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीरियर डिज़ाइनर्स (आईआईडी), जयपुर रीजनल चैप्टर एक बार फिर आयोजित करने जा रहा है इंडिया इंटरनेशनल डिजाइन कॉन्क्लेव (आईआईडीसी) 2025।
आईआईडी के राजस्थान चेयरमैन, आर्किटेक्ट आशीष कला ने बताया कि 30 मई से 1 जून 2025 तक राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी), जयपुर में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय कॉन्क्लेव में न केवल भारत, बल्कि 30 से अधिक शहरों के डिज़ाइन प्रोफेशनल्स, आर्किटेक्ट्स और क्रिएटिव लीडर्स शिरकत करेंगे। इस कॉन्क्लेव का उद्घाटन आईआईडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, सरोष एच. वाडिया, करेंगे और इसके बाद कला और इनोवेशन का अनोखा सफर शुरू होगा।
आईआईडीसी 2025 में ये होगा खास
व्यापार प्रदर्शनी, जहां आप देश-विदेश की नई तकनीकों, बेहतरीन डिज़ाइन और क्रिएटिव प्रोडक्ट्स की झलक देख पाएंगे।
आर्ट इंस्टॉलेशन: परंपरागत और आधुनिक कला का सुंदर संगम-यहां आर्ट पीस न केवल देखने लायक होंगे, बल्कि फोटो लेने के लिए भी शानदार पृष्ठभूमि देंगे।
डिज़ाइन कॉन्फ्रेंस: इस मंच पर भारत और दुनिया के प्रसिद्ध डिज़ाइनर और आर्किटेक्ट्स अपने अनुभव और विचार साझा करेंगे। इनमें शामिल हैं सुभार्थी गुहा (लंदन), चार्ली हेर्न (इंडोनेशिया), रेने टैन (सिंगापुर), रॉबर्ट ग्रीनवुड (हॉन्गकॉन्ग)।
आईआईडी के चेयरपर्सन इलेक्ट, क्षितिज मनु ने बताया कि इस कॉन्क्लेव में जयपुर और राजस्थान की समृद्ध हस्तशिल्प और कला की भी शानदार प्रदर्शनी होगी। इसमें शामिल हैं, ब्लू पॉटरी, बांस टेसलेशन, पिचवाई पेंटिंग, हस्तनिर्मित कागज और पटवा आभूषण, लकड़ी और स्टोन की नक्काशी, जूट उत्पाद; मिनिएचर टेराकोटा, होम फर्निशिंग, लाख की चूडिय़ां, मीनाकारी आभूषण, क्रोशिया के फूल, हैंडमेड मोमबत्तियां और सजावटी वस्तुएं, राजस्थान एम्पोरियम की पच्चीकारी और स्थानीय कारीगरों का हुनर।

