विभिन्न उद्योगों में काम आने वाले फोज्र्ड और प्रिसिजन मशीन्ड पार्ट्स के निर्माण और आपूर्ति में संलग्न कंपनी है ‘एडवांस टेक्नोफोर्ज लिमिटेड’
27 जुलाई 2026 को खुलकर 29 जुलाई 2026 को बंद होगा कंपनी का आईपीओ
जयपुर | बिजनेस रेमेडीज
गुजरात के राजकोट आधारित ‘एडवांस टेक्नोफोर्ज लिमिटेड’ विभिन्न उद्योगों में काम आने वाले फोज्र्ड और प्रिसिजन मशीन्ड पार्ट्स के निर्माण और आपूर्ति में संलग्न कंपनी है। कंपनी द्वारा मौजूदा परिसर में प्रिसिजन मशीन कॉम्पोनेंट्स के निर्माण के लिए वांछित मशीनरी की खरीद और स्थापना, कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं के आंशिक वित्तपोषण, कर्ज अदायगी और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के प्रोस्पेक्ट्स से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।
कारोबारी गतिविधियां: 2013 में निगमित, एडवांस टेक्नोफोर्ज लिमिटेड (एटीएल) कोटिंग्स और ट्रीटमेंट के साथ फोज्र्ड और प्रिसिजन मशीन्ड पार्ट्स के निर्माण और आपूर्ति में संलग्न है और ऑटोमोटिव, सामान्य इंजीनियरिंग, तेल और गैस, अर्थमूविंग, भारी मशीनरी, रेलवे और अन्य उद्योगों को सेवाएं प्रदान कर रही है। 12 से अधिक वर्षों के अनुभव के साथ, कंपनी ऑटोमोटिव, तेल और गैस उद्योग, अर्थ मूविंग उपकरण, रेलवे आदि में वैश्विक मूल उपकरण निर्माताओं (ओईएम) के लिए योग्य उत्पाद श्रृंखला का निर्माण कर रही है। कंपनी ऑटोमोटिव और औद्योगिक अनुप्रयोगों के लिए कार्बन स्टील, मिश्र धातु स्टील और स्टेनलेस स्टील में फोज्र्ड स्टील से बने मशीनीकृत पुर्जों का निर्माण करती है। कंपनी की क्षमताओं में क्लोज्ड-डाई फोर्जिंग, अपसेट फोर्जिंग और रिंग-रोलिंग फोर्जिंग शामिल हैं, जो कच्चे और सटीक मशीनीकृत रूप में आपूर्ति की जाती हैं।
कंपनी के उत्पाद:
टो हुक असेंबली – यह वाहनों को सुरक्षित रखने के लिए डिज़ाइन किया गया एक मजबूत कंपोनेंट है। यह पॉलिश और प्लेटेड फिनिश वाले मिश्र धातु इस्पात से बना है और अमेरिकी इलेक्ट्रिक एसयूवी के लिए उपयुक्त है।
रिटेनर प्लेट – यह सामग्री उठाने वाले उपकरणों में प्रयुक्त एक संरचनात्मक भाग है एवं मजबूती व विश्वसनीयता के लिए टिकाऊ कार्बन स्टील से निर्मित है।
क्रॉस मेंबर – सामग्री उठाने वाले उपकरणों में सहारा प्रदान करता है, भारी भार के तहत स्थिरता और स्थायित्व सुनिश्चित करने के लिए कार्बन स्टील से निर्मित।
कनेक्टिंग रॉड – यह ऑटोमोटिव इंजनों का एक महत्वपूर्ण भाग है और उच्च तनाव को सहन करने व इष्टतम प्रदर्शन प्रदान करने के लिए कार्बन स्टील से निर्मित है।
बोडेन (एंड कैप) – यह हाइड्रोलिक अनुप्रयोगों में प्रयुक्त होता है और हाइड्रोलिक प्रणालियों में स्थायित्व और प्रभावी सीलिंग के लिए कार्बन स्टील से निर्मित है।
निर्माण गतिविधियां : कंपनी कुल 5200 वर्गमीटर में राजकोट के पडवाला औद्योगिक क्षेत्र में दो इकाइयां संचालित कर रही है, जिनमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए आंतरिक निरीक्षण और परीक्षण की सुविधा उपलब्ध है। कंपनी की वार्षिक फोर्जिंग क्षमता 6000 मेट्रिक टन है। 30 जून 2026 तक कंपनी में 205 कर्मचारी कार्यरत थे। वित्तीय वर्ष 2026 में कंपनी के परिचालन से प्राप्त कुल राजस्व में निर्यात राजस्व की हिस्सेदारी 28.65 फीसदी थी।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 4823.59 लाख रुपए का कुल राजस्व और 170.49 लाख रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 5115.72 लाख रुपए का कुल राजस्व और 269.67 लाख रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने 5072.67 लाख रुपए का कुल राजस्व और 405.85 लाख रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने करीब 8.11 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है।
प्रवर्तकों का अनुभव
45 वर्षीय नीलेश शंभूभाई मोलिया कंपनी के प्रमोटर और प्रबंध निदेशक हैं। वे कंपनी में एक रणनीतिक नेतृत्वकर्ता हैं और विकास के अवसरों की पहचान करने, प्रमुख हितधारकों के साथ संबंध बनाने और बनाए रखने, संचालन को सुव्यवस्थित करने के लिए प्रौद्योगिकी-उन्मुख समाधानों को लागू करने और कंपनी में सभी प्रासंगिक वैधानिक अनुपालन और अन्य नियमों का पालन करने जैसे कार्यों की देखरेख करते हैं। वे शट्टे मेयर टेक्नोफोर्ज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े हुए हैं।
37 वर्षीय प्रदीपभाई भीखाभाई वोरा कंपनी के प्रमोटर और पूर्णकालिक निदेशक हैं। वे कंपनी के सामान्य प्रबंधन, वित्त और संचालन पहलुओं में अपने सशक्त नेतृत्व और रणनीतिक सुझावों के माध्यम से कंपनी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, जिससे उनके व्यापक उद्योग ज्ञान और अनुभव के साथ व्यवसाय को आकार देने में मदद मिल रही है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘एडवांस टेक्नोफोर्ज लिमिटेड’ का आईपीओ बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर 27 जुलाई 2026 को खुलकर 29 जुलाई 2026 को बंद होगा। कंपनी द्वारा 10 रुपए फेसवैल्यू के 25,29,600 इक्विटी शेयर 95 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 24.03 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ को मार्केट लॉट साइज 1200 शेयरों का है और रिटेल निवेशकों को दो लॉट के लिए आवेदन करना होगा। कंपनी के आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी सन कैपिटल एडवाइजरी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

