बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। नई दिल्ली आधारित प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी जेड-टेक (इंडिया) लिमिटेड ने शेयर बाजार को सूचित किया है कि कंपनी को नगर पालिका परिषद, औरैया, उत्तर प्रदेश से एक महत्वपूर्ण परियोजना मिली है। सीएम-वीएनवाई परियोजना के तहत कंपनी को पीपीपी (सार्वजनिक-निजी भागीदारी) मोड पर 20 वर्षों की अवधि के लिए संचालन, रखरखाव और प्रबंधन के साथ औरैया, उत्तर प्रदेश में वेस्ट टू वंडर पार्क/खिलमिल पार्क का डिजाइन, इंजीनियरिंग और विकास कार्य करना होगा। ऑर्डर का मूल्य 8,71,08,059/- रुपए (जीएसटी सहित) है। यह परियोजना कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इससे कंपनी के विकास में सकारात्मक योगदान मिलने की उम्मीद है।
कारोबारी गतिविधियां : नवंबर 1994 में निगमित, जेड-टेक (इंडिया) लिमिटेड सिविल इंजीनियरिंग उत्पादों को डिजाइन करती है और देश में इंफ्रास्ट्रक्चर एवं सिविल निर्माण परियोजनाओं के लिए अत्याधुनिक विशेष भू-तकनीकी समाधान प्रदान करती है।
कंपनी अपशिष्ट प्रबंधन क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्यरत है, जिसमें कंपनी रीसाइकल्ड स्क्रैप सामग्री का उपयोग करके थीम पार्क बनाने पर ध्यान केंद्रित करती है। कंपनी ने अभी तक 7 थीम पार्क विकसित किए हैं और 10 थीम पार्क का काम चल रहा है। कंपनी अभी तक 30 से ज्यादा परियोजनाएं पूरी कर चुकी है और 45 से अधिक परियोजनाओं का कार्य चल रहा है। कंपनी की वर्तमान कुल ऑर्डर बुक 158 करोड़ रुपए की है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी के कुल राजस्व में थीम पार्क की हिस्सेदारी 58.31 फीसदी दर्ज की गई। कंपनी तीन प्रमुख श्रेणियों में नवीन, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल इंजीनियरिंग समाधान प्रदान करती है एवं ये श्रेणियां सस्टेनेबल थीम पार्क विकास, औद्योगिक अपशिष्ट जल प्रबंधन और भू-तकनीकी विशिष्ट समाधान हैं।
कंपनी के ग्राहकों में भरतिया इंफ्रा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड, दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड, जीएमआर इंफ्रा लिमिटेड, पुंज लॉयड लिमिटेड, एनसीसी लिमिटेड, एमईपी इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपर्स लिमिटेड, इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड, हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड, मधुकॉन शुगर एंड पावर इंडस्ट्रीज लिमिटेड और जीवीआर इंफ्रा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड शामिल हैं।

