बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। गुजरात के अहमदाबाद आधारित ‘वंदन फूड्स लिमिटेड’ एफ.एस.जी. कैस्टर ऑयल और कैस्टर डी-ऑइल केक के निर्माण क्षेत्र में कार्यरत कंपनी है। कंपनी द्वारा कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं को पूरा करने, कंपनी द्वारा लिए गए कुछ बकाया उधारों के सभी या कुछ भाग का पूर्व भुगतान या पुनर्भुगतान, धिनोज निर्माण इकाई के विस्तार के लिए पूंजीगत व्यय आवश्यकता का वित्तपोषित करने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर 2 जुलाई को बंद होगा।
कारोबारी गतिविधियां: 2015 में निगमित, वंदन फूड्स लिमिटेड रिफाइंड एफ.एस.जी. कैस्टर ऑयल और कैस्टर डी-ऑइलकेक के निर्माण में लगी हुई है। कंपनी B2B मॉडल के रूप में काम करती है। कंपनी ग्राहकों की संतुष्टि सुनिश्चित करने के लिए गुणवत्ता नियंत्रण, इन्वेंट्री प्रबंधन और व्यवसाय विकास पर जोर देती है। कंपनी गुजरात, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान और तेलंगाना, महाराष्ट्र और आसाम में अपने उत्पादों की आपूर्ति करती है। कंपनी की विनिर्माण इकाईयां गुजरात के धिनोज पाटन में दो विशिष्ट पतों पर स्थित हैं।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘वंदन फूड्स लिमिटेड’ का आईपीओ बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आज खुलकर 2 जुलाई,2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा 10 रुपए फेसवैल्यू के 26,40,000 शेयर 115 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 30.36 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1200 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन लीड मैनेजर कंपनी निर्भय कैपिटल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

