बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। पंजाब के जालंधर आधारित ‘टीएससी इंडिया लिमिटेड’ एयर टिकटिंग में विशेषज्ञ रखने वाली प्रमुख ट्रैवल मैनेजमेंट कंपनी है। कंपनी द्वारा कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं और सामान्य कॉर्पोरेट की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफॉर्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के प्रोस्पेक्ट्स से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।
कारोबारी गतिविधियां: 2003 में स्थापित, टीएससी इंडिया लिमिटेड एक ट्रैवल मैनेजमेंट कंपनी है जो अपने ग्राहकों के लिए व्यापक हवाई टिकटिंग सेवाएं प्रदान करने में विशेषज्ञता रखती है। बी2बी और कॉर्पोरेट क्षेत्रों पर केंद्रित, टीएससी लागत-प्रभावी यात्रा समाधान प्रदान करने के लिए एयरलाइनों और ट्रैवल एजेंटों के साथ सहयोग करती है। टीएससी यात्रा योजना के प्रबंधन के लिए विभिन्न ट्रैवल प्रदाताओं के साथ साझेदारी करती है, जिसमें उड़ानों की बुकिंग और कॉर्पोरेट यात्रा कार्यक्रम आयोजित करना शामिल है। जालंधर, चंडीगढ़, लखनऊ, अहमदाबाद, जयपुर, नई दिल्ली और पुणे जैसे शहरों में परिचालन करते हुए कंपनी देश में निरंतर अपनी उपस्थिति को बढ़ा रही है। कंपनी के विस्तृत ग्राहक आधार है, जिसमें ट्रैवल एजेंसियां, निगम और टूर ऑपरेटर शामिल हैं। कंपनी सभी घरेलू व अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा संबंधित सेवाएं उपलब्ध करवाती है। कंपनी प्रतिदिन 445 से अधिक, साप्ताहिक 3,880 और मासिक 13,500 से अधिक बुकिंग का प्रबंधन करती है, जो कंपनी की उच्च परिचालन दक्षता को दर्शाता है। कंपनी ने 2996 से अधिक एजेंट्स को पंजीकृत किया है जो इसकी मजबूत बी2बी यात्रा बाजार उपस्थिति को दर्शाता है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 1,62,975 बुकिंग की है और 805.88 करोड़ रुपए का कुल ट्रांजैक्शन किया है।
कंपनी निम्नलिखित सेवाएं प्रदान करती है:-
बुकिंग प्रबंधन: कंपनी की सुव्यवस्थित प्रक्रियाएं सटीक हवाई यात्रा आरक्षण संभव बनाती हैं।
विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग प्रणालियां: डेटा-संचालित अंतर्दृष्टि ग्राहकों को यात्रा पैटर्न का विश्लेषण करने और रणनीतियों को अनुकूलित करने में मदद करती हैं।
लागत-प्रभावी समाधान: कंपनी का प्रतिस्पर्धी मूल्य निर्धारण सुनिश्चित करता है कि ग्राहकों को सर्वोत्तम दरों पर गुणवत्तापूर्ण यात्रा समाधान मिलें।
परामर्श और बातचीत विशेषज्ञता: कंपनी की परामर्श सेवाएं यात्रा आवश्यकताओं को समझने और अनुकूल शर्तें सुनिश्चित करने में मदद करती हैं।
24/7 आपातकालीन सहायता: कंपनी की बिना किसी अतिरिक्त लागत के 24/7 सहायता उपलब्ध है और कंपनी आपातकालीन व्यवधानों के दौरान तत्काल सहायता प्रदान करती है।
पारदर्शी प्रथाएं: मूल्य निर्धारण और नीतियों के बारे में पारदर्शी संचार ग्राहकों का विश्वास बढ़ाता है।
एकीकृत वन-स्टॉप समाधान: एक ही प्लेटफॉर्म प्रबंधन को सरल बनाता है और यात्रा संबंधी जानकारी व सेवाएं प्रदान करता है।
ग्राहक-केंद्रित सेवा: अनुभवी पेशेवर ग्राहकों की जरूरतों को कुशलतापूर्वक पूरा करते हैं और ग्राहक सेवा संतुष्टि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
भावी योजना: कंपनी की योजना अगले दो वर्षों में अखिल भारतीय उपस्थिति स्थापित करने की है। कंपनी कोलकाता, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मुंबई और बेंगलुरु में प्रमुख क्षेत्रीय कार्यालयों के साथ, अखिल भारतीय उपस्थिति स्थापित करने की योजना बना रही है। इसके साथ ही कंपनी सभी यात्रा आवश्यकताओं के लिए वन-स्टॉप समाधान विकसित कर रही है। कंपनी की होटल बुकिंग सेवाएं अगले 6 महीनों के भीतर वेबसाइट पर शुरू की जाएंगी। कंपनी द्वारा आउटबाउंड पैकेज, घरेलू पैकेज, निश्चित समूह प्रस्थान, क्रूज बुकिंग और यात्रा बीमा भी 2/3 वर्षों में शुरू किए जाएंगे। कंपनी का उद्देश्य पूर्ण डिजिटलीकरण के साथ सभी यात्रा आवश्यकताओं के लिए एक व्यापक वन-स्टॉप समाधान प्रदान करना है। अगले 2 वर्षों के भीतर 2,996 के वर्तमान ग्राहक (एजेंट) आधार को बढ़ाकर 10,000 ग्राहक करने का लक्ष्य है।
प्रवर्तकों का अनुभव
50 वर्षीय कंपनी प्रवर्तक आशीष कुमार मित्तल ने इंदौर से वाणिज्य स्नातक की उपाधि प्राप्त की है और उन्होंने 1996 में ट्रैवल उद्योग में अपनी पेशेवर यात्रा शुरू की। वे 2015 में कंपनी में शामिल हुए और तब से उन्होंने इसके विकास और सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और वर्तमान में वे प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें एक बहुमुखी उद्यमी के रूप में 28 वर्षों का अनुभव है और उन्होंने मनोरंजन क्षेत्र, लॉजिस्टिक्स और कार्गो सेवाओं, ट्रैवल एजेंसी, आईटी और वित्त क्षेत्र आदि सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम किया है और वर्तमान में भी वे इन क्षेत्रों में सक्रिय हैं। कंपनी में अपनी भूमिका के अलावा, वे डेक्स एयर प्राइवेट लिमिटेड और टीएससी फिनसर्व प्राइवेट लिमिटेड में निदेशक पद भी संभालते हैं।
47 वर्षीय विनय गुप्ता कंपनी के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी हैं। उन्होंने गुरु नानकदेव विश्वविद्यालय, जालंधर से वाणिज्य स्नातक किया है। उन्हें ट्रैवल एजेंसी, लेखा और वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में 27 वर्षों का कार्य अनुभव है। इससे पहले उन्होंने डेक्स एयर प्राइवेट लिमिटेड में लेखा प्रमुख के रूप में कार्य किया था। उन्हें लेखा प्रबंधन, वित्तीय प्रबंधन, सेवा प्रबंधन और व्यवसाय विकास का अनुभव है। इससे पहले वे कंपनी में महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत थे।
47 वर्षीया कंपनी प्रवर्तक पूजा मित्तल पंजाब विश्वविद्यालय से कला स्नातक हैं। उन्हें 2015 से निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया था और वर्तमान में वे कंपनी की अध्यक्ष भी हैं। उन्हें ट्रैवल एजेंसी और वित्त क्षेत्र में 8 वर्षों का अनुभव है। वे टीएससी फिनसर्व प्राइवेट लिमिटेड में भी निदेशक पद पर हैं।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने परिचालन से 9.39 करोड़ रुपए का राजस्व और 1.22 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने परिचालन से 19.36 करोड़ रुपए का राजस्व और 4.71 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने परिचालन से 25.78 करोड़ रुपए का राजस्व और 4.92 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी साल दर साल अच्छे वित्तीय परिणाम प्रस्तुत कर रही है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 19.11 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2025 में तक कंपनी की असेट 61.44 करोड़ रुपए और रिजर्व एवं सरप्लस 5.47 करोड़ रुपए था।
आईपीओ के संबंध में जानकारी:
‘टीएससी इंडिया लिमिटेड’ का आईपीओ 23 जुलाई को खुलकर 25 जुलाई 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 3698000 शेयर 68 से 70 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 25.89 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 2000 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी एक्सपर्ट ग्लोबल कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

