Monday, September 21, 2026 |
Home Main NewsFTA से भारत के निर्यात में आई तेजी

FTA से भारत के निर्यात में आई तेजी

by Business Remedies
0 comments

सिंगापुर और श्रीलंका को निर्यात दोगुने से ज्यादा बढ़ा
आसियान देशों को निर्यात में 60 प्रतिशत से ज्यादा वृद्धि
मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया और एशियाई बाजारों में भी बढ़ा निर्यात
नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क
वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में मुक्तव्यापार समझौते (एफटीए) वाले साझेदार देशों को भारत के निर्यात में तेज बढ़ोतरी हुई है। सिंगापुर और श्रीलंका को निर्यात दोगुने से अधिक बढ़ा है, जबकि आसियान देशों को निर्यात में 60 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। इससे यह संकेत मिलता है कि व्यापार समझौते वास्तव में परिणाम देने लगे हैं। यह जानकारी एक रिपोर्ट में दी गई।
व्यापार समझौतों से निर्यात वृद्धि के संकेत
तंजानिया में प्रकाशित एक लेख के अनुसार, आंकड़े बताते हैं कि भारत का बढ़ता व्यापार समझौतों का नेटवर्क अब बातचीत के जरिए मिले बाजार पहुंच के लाभ को वास्तविक निर्यात वृद्धि में तेजी से बदल रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का कुल निर्यात अब तक के सर्वोच्च स्तर 863.1 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जिसमें 441.8 अरब डॉलर का वस्तु निर्यात और 421.3 अरब डॉलर का सेवा निर्यात शामिल है।
सिंगापुर और श्रीलंका को निर्यात दोगुने से अधिक बढ़ा
रिपोर्ट में कहा गया है कि एफटीए साझेदार देशों के ताजा आंकड़े बताते हैं कि भारत केवल अपने निर्यात की मात्रा नहीं बढ़ा रहा है, बल्कि बाजार में अपनी मौजूदगी का विस्तार करने के लिए तरजीही व्यापार व्यवस्थाओं का भी तेजी से इस्तेमाल कर रहा है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल-जून 2026 के दौरान सिंगापुर को भारत का निर्यात सालाना आधार पर 101.2 प्रतिशत बढक़र 6.52 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले साल की समान अवधि में 3.24 अरब डॉलर था। श्रीलंका को निर्यात में इससे भी अधिक वृद्धि दर्ज की गई। यह 123.8 प्रतिशत बढक़र 2.35 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले साल की समान अवधि में 1.05 अरब डॉलर था।
आसियान और अन्य प्रमुख बाजारों में भी मजबूत वृद्धि
आसियान क्षेत्र में भी मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत का निर्यात 61.6 प्रतिशत बढक़र 14.61 अरब डॉलर हो गया, जबकि अप्रैल-जून 2025 के दौरान यह 9.04 अरब डॉलर था। मलेशिया को निर्यात 75.2 प्रतिशत बढक़र 2.54 अरब डॉलर हो गया, जबकि ऑस्ट्रेलिया को निर्यात 25.2 प्रतिशत बढक़र 2.68 अरब डॉलर पहुंच गया। दक्षिण कोरिया को निर्यात 22.6 प्रतिशत बढक़र 1.95 अरब डॉलर और जापान को 22.4 प्रतिशत बढक़र 1.75 अरब डॉलर हो गया।
ओमान, नेपाल, भूटान और थाईलैंड
को भी बढ़ा निर्यात
इसी तरह, ओमान को निर्यात 26.4 प्रतिशत बढक़र 1.39 अरब डॉलर, जबकि नेपाल को निर्यात 18.1 प्रतिशत बढक़र 2.28 अरब डॉलर हो गया। भूटान और थाईलैंड को निर्यात में भी क्रमश: 16.1 प्रतिशत और 6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। हाल में किए गए व्यापार समझौतों में भारत-यूएई सीईपीए, भारत-ऑस्ट्रेलिया ईसीटीए, भारत-ईएफटीए टीईपीए, भारत-ओमान सीईपीए और भारत-यूके सीईटीए शामिल हैं।
न्यूजीलैंड के साथ एफटीए, यूरोपीय संघ से बातचीत पूरी
भारत ने न्यूजीलैंड के साथ भी एफटीए संपन्न किया है, जो अभी लागू होने की प्रक्रिया में है। वहीं, यूरोपीय संघ के साथ बातचीत जनवरी 2026 में पूरी हो गई थी।



You may also like

Leave a Comment