बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने योग गुरु बाबा रामदेव को बड़ी राहत देते हुए पतंजलि के खिलाफ केस बंद कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस केवी विश्वनाथन की बेंच ने केस खत्म करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा है कि कोर्ट की तरफ से इस संबंध में पहले ही कई आदेश दिए जा चुके हैं और केस का उद्देश्य पहले ही पूरा हो चुका है।
बाबा रामदेव और पतंजलि को सुप्रीम कोर्ट ने बड़ी राहत दी है। अदालत ने आईएमए यानी इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की तरफ से दाखिल मामले को अब बंद कर दिया है। आईएमए ने एलोपैथी को निशाना बनाकर भ्रामक विज्ञापन चलाने को लेकर पतंजलि के खिलाफ याचिका दाखिल की थी। हालांकि, अदालत ने बीते साल ही योग गुरु और आचार्य बालकृष्ण को अदालत की अवमानना के मामले में राहत मिल चुकी है।
गौरतलब है कि पिछले साल 27 फरवरी को योग गुरु बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के खिलाफ कोर्ट की अवमानना का केस शुरू किया था।
इसके बाद अगस्त में उनके खिलाफ जारी कार्यवाही को बंद कर दिया गया था। बेंच ने कहा, ‘कई आदेशों के बाद रिट याचिका का मकसद पूरा हो चुका है और इसमें आगे विचार की कोई जरूरत नहीं है। ऐसे में रिट याचिका को खत्म किया जाता है। दोनों पार्टियों को अगर आगे कोई समस्या होती है, तो उन्हें उच्च न्यायालय जाने की छूट रहेगी।’

