मंगलवार को शुरुआती कारोबार में शेयर बाज़ार में तेज़ बिकवाली देखने को मिली। आईटी शेयरों में भारी दबाव के कारण Sensex और Nifty दोनों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। कमजोर वैश्विक संकेतों और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ा दी। सुबह 09:30 बजे तक Sensex 690.78 अंक यानी 0.91 प्रतिशत गिरकर 75,324.50 पर कारोबार करता दिखाई दिया। वहीं Nifty 189.25 अंक यानी 0.79 प्रतिशत टूटकर 23,626.60 पर पहुंच गया।
बाज़ार में गिरावट का असर व्यापक रूप से देखने को मिला। कुल 2,103 शेयरों में कमजोरी दर्ज हुई, जबकि केवल 880 शेयर बढ़त में रहे। इससे साफ संकेत मिला कि निवेशकों का रुझान फिलहाल बिकवाली की तरफ बना हुआ है।
आईटी सेक्टर सबसे ज्यादा दबाव में रहा। Nifty आईटी इंडेक्स में लगभग 3प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। कई बड़ी आईटी कंपनियों के शेयरों में लगातार बिकवाली देखने को मिली, जिससे पूरे बाज़ार का माहौल कमजोर हुआ। इसके अलावा मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी दबाव बना रहा। Nifty मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.4 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज हुई। वहीं तेल और गैस क्षेत्र के कुछ शेयरों में मजबूती दिखाई दी। ओएनजीसी के शेयर बढ़त में रहे क्योंकि कच्चे तेल की कीमतों से जुड़े शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। हालांकि कुल मिलाकर बाज़ार का माहौल नकारात्मक बना रहा और निवेशक फिलहाल सतर्क नजर आए।




