बिजऩेस रेमेडीज/जयपुर State Bank of India ने 1 जुलाई 2025 को अपनी स्थापना के 70 वर्ष पूरे किये। प्लेटिनम जुबली समारोह के अंतर्गत बैंक द्वारा पूरे जून माह में राजस्थान के विभिन्न शहरों में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विभिन्न शहरों में आयोजित रक्तदान कैम्पों में 5300 से भी ज्यादा लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिनमें बैंक कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, बैंक के ग्राहकों और स्थानीय नागरिक शामिल थे।
1 जुलाई को State Bank of India, स्थानीय प्रधान कार्यालय, जयपुर मण्डल की सभी शाखाओं एवं कार्यालयों में स्थापना के 70 वर्षों के गौरव को उत्साह पूर्वक मनाया गया। स्थानीय प्रधान कार्यालय में एक सीएसआर के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में वंचित वर्ग और मेधावी छात्रों को लैपटॉप का वितरण किया गया। स्थानीय प्रधान कार्यालय, जयपुर द्वारा संध्याकाल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ State Bank of India के स्वतंत्र निदेशक धर्मेंद्र सिंह शेखावत तथा मुख्य महाप्रबंधक संदीप भटनागर एवं अन्य अति-विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। स्वागत उद्बोधन में जयपुर मण्डल के मुख्य महाप्रबन्धक संदीप भटनागर ने बैंक के सभी स्टाफ सदस्यों को बधाई देते हुए उनकी कर्मठता और सेवाभाव को सराहा। उन्होंने जयपुर मंडल के द्वारा बैंक के व्यवसाय में दिए गए योगदान को भी प्रमुखता से बताया और सभी को भविष्य में भी इसी लगन, समर्पण भावना और जज्बे से कार्य करने तथा SBI को और नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन देने के लिए आह्वान भी किया ताकि बैंक विश्व के 10 श्रेष्ठ बैंकों में अपना स्थान बना सके। बैंक के स्वतंत्र निदेशक धर्मेंद्र सिंह शेखावत ने उद्बोधन में कहा कि सभी कर्मचारियों को बैंक के 70 वर्षों की इस यात्रा को एक उत्सव की तरह मनाना चाहिए। उन्होंने बैंक के गौरवमयी इतिहास और वर्तमान उपलब्धियों के बारे में भी बताया। बैंक की इस यात्रा में आये अनेक पड़ावों, नए आयामों और बैंक द्वारा लाये गए ग्राहकोन्मुखी बदलावों के बारे में जानकारी देते हुए बैंक द्वारा भारतीय अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई पर ले जाने में दिए गए योगदान की भी सरहाना की। सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में बैंक के जयपुर पदस्थापित महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक, अधिकारी एसोसिएशन, स्श्वङ्ख्र एवं कर्मचारी एसोसिएशन के पदाधिकारीगण तथा जयपुर में कार्यरत स्टाफ सदस्य एवं उनके परिवारजन भी उपस्थित रहे।

