गुरुग्राम। खनन, लॉजिस्टिक्स, परिवहन और संबद्ध व्यवसायों में रुचि रखने वाले एक विविधीकृत कारोबारी समूह, सिंधु ट्रेड लिंक्स लिमिटेड (एसटीएलएल) ने कुल 922.5 करोड़ रुपये के दो रणनीतिक अधिग्रहण पूरे करने की घोषणा की है। ये अधिग्रहण एसटीएलएल के एकीकृत खनन प्लेटफॉर्म को मजबूत करने, कोयला, खनन एवं लॉजिस्टिक्स सेवाओं तथा अवसंरचना में इसकी परिसंपत्तियों के आधार और क्षमताओं का विस्तार करने तथा इंडोनेशियाई कोयला बाजार में इसकी उपस्थिति को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक कदम है।
कंपनी ने सिंगापुर की एडवेंट कोल रिसोर्सेज प्रा. लि. में 78.26% हिस्सेदारी कुल 697.05 करोड़ रुपये में तथा भारत की सैनिक माइनिंग एंड एलाइड सर्विसेज लिमिटेड (एसएमएएसएल) में 50.10% हिस्सेदारी 225.45 करोड़ रुपये में अधिग्रहित की है।
एडवेंट कोल रिसोर्सेज के पास 620 मिलियन टन के कोयला संसाधन वाले इंडोनेशियाई कोयला प्रोजेक्ट में प्रभावी रूप से 100% आर्थिक हित है। इसके साथ खदान को 130 किलोमीटर लंबे लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर के माध्यम से गहरे समुद्री बंदरगाह और भविष्य के औद्योगिक समूह से जोड़ने वाला बुनियादी ढांचा भी शामिल है। यह कोयला परियोजना इंडोनेशिया के पूर्वी कालीमंतन में एक एकीकृत कोयला एवं अवसंरचना परियोजना के रूप में विकसित की जा रही है।
एसएमएएसएल के अधिग्रहण से एसटीएलएल की खनन क्षमताएं अधिक मजबूत हुई हैं। एसएमएएसएल एक स्थापित खनन सेवा कंपनी है, जिसको माइन डेवलपर एंड ऑपरेटर (एमडीओ) अनुबंधों, ओवरबर्डन हटाने, कोयला निकालने और कोयला परिवहन में विशेषज्ञता प्राप्त है। कंपनी के पास दीर्घकालिक अनुबंधों और आउटसोर्स्ड खनन परिचालनों का मजबूत अनुभव है। कई बड़ी परियोजनाओं में से एसएमएएसएल के नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (एनटीपीसी) के साथ दुलंगा कोयला खदानों के लिए 24 वर्षीय माइन डेवलपर एंड ऑपरेटर (एमडीओ) अनुबंध ने वर्ष 2017 में अपनी शुरुआत के बाद से कई प्रदर्शन पुरस्कार जीते हैं। कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 985 करोड़ रुपये का राजस्व और 102 करोड़ रुपये का ईबीआईटीडीए दर्ज किया है।
रणनीतिक अधिग्रहणों पर टिप्पणी करते हुए सिंधु ट्रेड लिंक्स लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) श्री विकास सिंह हुड्डा ने कहा, “ये अधिग्रहण सिंधु ट्रेड लिंक्स की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव दर्शाते हैं। इससे प्राकृतिक संसाधनों और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़े और अधिक एकीकृत अवसरों में भाग लेने के लिए कंपनी का प्लेटफॉर्म मजबूत हुआ है। परिचालन क्षमताओं, रणनीतिक परिसंपत्तियों और बढ़ते अंतरराष्ट्रीय विस्तार के संयोजन के साथ कंपनी बड़े पैमाने पर विस्तार करने तथा एमडीओ (माइन डेवलपर एंड ऑपरेटर) के माध्यम से वाणिज्यिक खनन, रणनीतिक खनिज विकास के आगामी अवसरों में भाग लेकर अपनी बाजार उपस्थिति को मजबूत करने और दीर्घकालिक टिकाऊ मूल्य का निर्माण करने के लिए बेहतर स्थिति में है। एसटीएलएल ऐसे अवसरों को आगे भी तलाशती रहेगी, जो इसकी मुख्य क्षमताओं के अनुरूप हों और एक विविधीकृत, वैश्विक स्तर पर सम्बद्ध कारोबारी प्लेटफॉर्म बनाने की इसकी महत्वाकांक्षा में सहायता करें।”
एडवेंट कोल रिसोर्सेज के अधिग्रहण के लिए 30,04,55,030 इक्विटी शेयर प्राथमिकता के आधार पर आवंटित किए गए, जबकि एसएमएएसएल के अधिग्रहण के लिए 9,71,76,757 सीसीपीएस आवंटित किए गए, जिन्हें 1:1 अनुपात में इक्विटी शेयरों में परिवर्तित किया जा सकता है। इन लेन-देन को आवश्यक नियामकीय, कॉरपोरेट और शेयरधारक प्रक्रियाओं के माध्यम से मंजूरी दी गई।

