Sunday, September 27, 2026 |
Home Corporate Worldअनुभवी रिटेल स्टॉक ब्रोकिंग कंपनी है ‘Shah Investors Home Limited’

अनुभवी रिटेल स्टॉक ब्रोकिंग कंपनी है ‘Shah Investors Home Limited’

by Business Remedies
0 comments

28 सितंबर को खुलेगा और 30 सितंबर 2026 को बंद होगा कंपनी का IPO

जयपुर। गुजरात के गांधीनगर आधारित ‘Shah Investors Home Limited’ अनुभवी रिटेल स्टॉक ब्रोकिंग कंपनी है। कंपनी द्वारा वर्किंग कैपिटल जरूरतों और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति के लिए BSE और NSE मेनबोर्ड पर IPO लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के प्रॉस्पेक्टस से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।

कारोबारी गतिविधियां: अक्टूबर 1994 में Shah Investors Home Limited (SIHL) का निगमन हुआ था। Shah Investors Home Limited देश के कैपिटल मार्केट में 30 से अधिक वर्षों के अनुभव के साथ एक प्रमुख रिटेल ब्रोकिंग कंपनी है और यह इक्विटी और डेरिवेटिव ब्रोकरेज सेवाओं की विस्तृत श्रृंखला प्रदान कर रही है। कंपनी ने डिजिटल माध्यमों को अपनाते हुए “SIHL Moneymaker”, “SIHL Fundspro” और “SIHL Global Investment App” जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी सेवाओं का विस्तार किया है। “SIHL Moneymaker” ग्राहकों को डिजिटल रूप से सिक्योरिटीज में निवेश और ट्रेडिंग करने में सक्षम बनाता है, जबकि “SIHL FundsPro” ऐप निवेश की वर्तमान स्थिति का सारांश प्रदान करता है। इसके अतिरिक्त, “SIHL Global Investments” प्लेटफॉर्म वैश्विक निवेश के अवसरों से जुड़ी ऑनबोर्डिंग और बातचीत की सुविधा देता है। रिटेल ब्रोकिंग से अलग कंपनी मार्जिन ट्रेडिंग सुविधा, डिपॉजिटरी सेवाएं, डिस्ट्रीब्यूशन सेवाएं और ‘ALGOFY’ नाम का API आधारित एल्गो ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म भी प्रदान कर रही है।

बिजनेस आंकड़ों की बात करें तो कंपनी के पास 1,00,000 से अधिक डीमैट अकाउंट और 38,189 एक्टिव ग्राहक हैं। इसके प्लेटफॉर्म पर 4,865 नए अकाउंट खोले गए हैं और इसके साथ 181 अधिकृत व्यक्ति जुड़े हुए हैं। गुजरात और महाराष्ट्र राज्यों में कंपनी की कुल 11 ब्रांच कार्यरत हैं। इसके मोबाइल ऐप को 33,287 से अधिक डाउनलोड मिले हैं। वित्तीय प्रदर्शन के मामले में, इसका कुल एडीटीओ (औसत दैनिक टर्नओवर) 17,974.87 लाख रुपये है और म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूशन के तहत इसकी कुल संपत्ति 5,437.55 लाख रुपये है।

कंपनी मुंबई, अहमदाबाद, वडोदरा, जूनागढ़, गांधीनगर और राजकोट में स्थित 11 ब्रांच के माध्यम से अपना ऑपरेशन कर रही है और इसकी ब्रांच एवं अधिकृत व्यक्ति नेटवर्क मुख्य रूप से गुजरात और महाराष्ट्र के ग्राहकों को सेवा प्रदान कर रहा है। कंपनी ने 1995 में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड के ट्रेडिंग मेंबर के रूप में अपना ऑपरेशन शुरू किया और 1997 में NSDL के साथ डिपॉजिटरी पार्टिसिपेंट के रूप में रजिस्टर्ड हुई।

कंपनी को एक अनुभवी मैनेजमेंट टीम का समर्थन प्राप्त है और यह अपने रिटेल और हाई इनकम ग्रुप के ग्राहक आधार को बढ़ाते हुए लॉन्ग टर्म ग्राहक संबंध बनाने पर ध्यान केंद्रित करती है। 31 जुलाई 2026 तक, कंपनी में अकाउंटिंग, कंप्लायंस, डीमैट, हेल्पडेस्क, रिसर्च, IT, MTF और SLB, सेल्स, ट्रेडिंग और अन्य विभागों में 167 स्थायी कर्मचारी कार्यरत थे।

वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 7,905.29 लाख रुपये का कुल राजस्व और 1,805.20 लाख रुपये का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 9,446.51 लाख रुपये का कुल राजस्व और 2,341.56 लाख रुपये का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने 7,240.00 लाख रुपये का कुल राजस्व और 1,310.64 लाख रुपये का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने करीब 18.24 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन हासिल किया है।

प्रवर्तकों का अनुभव:

73 वर्षीय उपेंद्र त्रिकमलाल शाह कंपनी के अध्यक्ष और पूर्णकालिक निदेशक हैं। उन्होंने गुजरात विश्वविद्यालय से वाणिज्य में स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। उन्हें कंपनी, सहायक कंपनियों और समूह कंपनियों के साथ स्टॉक ब्रोकिंग और डिपॉजिटरी सेवाओं के क्षेत्र में 30 वर्षों का अनुभव है। वे कंपनी के निगमन के समय से ही प्रमोटरों में से एक हैं और 1 अक्टूबर 2011 से निदेशक के रूप में कंपनी से जुड़े हुए हैं।

 

45 वर्षीय तन्मय उपेंद्र शाह कंपनी के प्रबंध निदेशक और मुख्य वित्तीय अधिकारी हैं। उन्होंने गुजरात विश्वविद्यालय से वाणिज्य में स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। उन्हें कंपनी, सहायक कंपनियों और समूह कंपनियों के साथ स्टॉक ब्रोकिंग और डिपॉजिटरी सेवाओं के क्षेत्र में 20 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे कंपनी के प्रमोटरों में से एक हैं और 1 दिसंबर 2020 से कंपनी से जुड़े हुए हैं।

 

76 वर्षीया पूर्णिमा उपेंद्र शाह कंपनी की पूर्णकालिक निदेशक हैं। उन्होंने गुजरात विश्वविद्यालय से कला में स्नातक और स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की है। उन्हें कंपनी, सहायक कंपनियों और समूह कंपनियों के साथ स्टॉक ब्रोकिंग और डिपॉजिटरी सेवाओं के क्षेत्र में 30 वर्षों का अनुभव है। वे कंपनी के प्रवर्तकों में से एक हैं और कंपनी की स्थापना के समय से ही इससे जुड़ी हुई हैं।

 

50 वर्षीया तृप्ति उत्पल शाह कंपनी की पूर्णकालिक निदेशक हैं। उन्होंने गुजरात विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक और फ्लोरिडा अटलांटिक विश्वविद्यालय से कंप्यूटर इंजीनियरिंग में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की है। वे कंपनी के ह्यूमन रिसोर्स ऑपरेशंस के मैनेजमेंट के लिए जिम्मेदार हैं। उन्हें कंपनी, सहायक कंपनियों और समूह कंपनियों के साथ स्टॉक ब्रोकिंग और डिपॉजिटरी सेवाओं के क्षेत्र में 17 वर्षों का अनुभव है। वे कंपनी के प्रवर्तकों में से एक हैं और 1 जुलाई 2008 से कंपनी में निदेशक के रूप में जुड़ी हुई हैं।

IPO के संबंध में जानकारी: ‘Shah Investors Home Limited’ का IPO BSE और NSE मेनबोर्ड पर 28 सितंबर को खुलकर 30 सितंबर 2026 को बंद होगा।

कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू सिस्टम से 10 रुपये फेस वैल्यू के 53,99,200 इक्विटी शेयर 159 से 167 रुपये प्रति शेयर के भाव पर जारी कर करीब 90.16 करोड़ रुपये जुटाए जा रहे हैं। कंपनी के IPO का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी Beeline Capital Advisors Private Limited द्वारा किया जा रहा है।

नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।



You may also like

Leave a Comment