बिजऩेस रेमेडीज/जयपुर
SBI स्थानीय प्रधान कार्यालय जयपुर में 76वां गणतन्त्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। मण्डल के मुख्य महाप्रबंधक संदीप भटनागर ने स्थानीय प्रधान कार्यालय में 76वें गणतंत्र दिवस के पर्व पर ध्वजारोहण किया एवं सभी प्रदेश वासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
भटनागर ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक ने हमेशा देश की प्रगति में सहयोग दिया है एवं देश की अर्थव्यवस्था के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। उन्होने यह भी कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह है कि हम संविधान का पालन करें, उसके आदर्शों, राष्ट्र ध्वज और राष्ट्रगान का सम्मान करें, देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करें, प्राकृतिक पर्यावरण की रक्षा करें, सार्वजिनक संपत्ति को सुरक्षित रखें, उत्कृष्टता के लिए प्रयास करें तथा हर प्रकार के भेदभाव से दूर रहकर भाईचारे की भावना रखें और भारत के गौरवशाली संविधान को सम्मान दे, तथा देश और अपनी संस्था के हित में कार्य करे। इस अवसर पर भटनागर ने बैंक के अध्यक्ष सी. एस. शेट्टी के विशेष संदेश ‘उद्देश्य की भावना के साथ उत्कृष्टता की यात्रा शुरू करना’ के प्रमुख बिन्दुओ को भी साझा किया और आह्वान किया कि- ‘आइए हम एक ऐसा वातावरण बनाएं जहां प्रत्येक कर्मचारी हमारे उद्देश्य के प्रति गहराई से सचेत हो, हम यह सुनिश्चित करें कि हमारा साझा उद्देश्य हमें ईमानदारी और समावेशिता के उच्चतम मानकों के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करे, और हम अपनी विरासत को अपने सभी हितधारकों के विकास के लिए एक मार्गदर्शक शक्ति बनाएं’। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक समारोह में स्टाफ सदस्यों और उनके परिवारजनों ने अपनी प्रस्तुतियों से देशभक्ति के जज्बे को जगाया। भटनागर ने उत्कृष्ट कर्मचारियों को उनकी मेहनत और योगदान के लिए सम्मानित किया एवं सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भी भेंट किए ।
समारोह में महाप्रबंधक ऋतु गौड़, मदन एल एस, सहित बैंक के अन्य उच्च अधिकारियों, स्टाफ सदस्यों एवं परिवारजनों की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। अंत में उप महाप्रबंधक एवं मण्डल विकास अधिकारी कल्याण गजवेल्लि ने समारोह में उपस्थित सभी वरिष्ठ अधिकारियों और पदाधिकारियों एवं स्टाफ सदस्यों तथा उनके परिवारजनों को धन्यवाद दिया।

