Friday, July 17, 2026 |
Home Corporate WorldSBI ने जारी किए तिमाही नतीजे, मुनाफा 24.5 प्रतिशत बढक़र 21,028 करोड़ रुपए रहा

SBI ने जारी किए तिमाही नतीजे, मुनाफा 24.5 प्रतिशत बढक़र 21,028 करोड़ रुपए रहा

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/मुंबई (आईएएनएस)। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने शनिवार को वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 24.5 प्रतिशत बढक़र 21,028.15 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि पिछले वित्त वर्ष 25 की समान तिमाही में 16,891.44 करोड़ रुपए था।
इससे पिछली तिमाही (वित्त वर्ष 26 की दूसरी तिमाही) में बैंक को 20,159.67 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था। वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में एसबीआई की नेट इंटरेस्ट इनकम (एनआईआई) सालाना आधार पर 9 प्रतिशत बढक़र 45,190 करोड़ रुपए हो गई है, जो कि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 41,446 करोड़ रुपए थी।

वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में बैंक का परिचालन से मुनाफा सालाना आधार पर 39.5 प्रतिशत बढक़र 32,862.39 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही 23,550.81 करोड़ रुपए था। इससे पिछली तिमाही में बैंक का परिचालन से मुनाफा 27,310.92 करोड़ रुपए था।
वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग (जीएनपीए) सालाना आधार पर 0.50 प्रतिशत कम होकर 1.57 प्रतिशत हो गया है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 2.07 प्रतिशत था। इससे पहले की तिमाही में यह 1.73 प्रतिशत था। वित्त वर्ष 26 की दिसंबर तिमाही में नेट-एनपीए कम होकर 0.39 प्रतिशत हो गया है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 0.53 प्रतिशत था।

इससे पहले की तिमाही में यह 0.42 प्रतिशत था। यह दिखाता है कि बैंक की संपत्तियों की गुणवत्ता में इजाफा होता जा रहा है। वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में सालाना आधार पर कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो बढक़र 14.04 प्रतिशत हो गया है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 13.03 प्रतिशत था। वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में बैंक की प्रोविजनिंग 4,506.92 करोड़ रुपए रही है, जो कि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 911.06 करोड़ रुपए थी। हालांकि, यह वित्त वर्ष 26 की सितंबर तिमाही के आंकड़े 5,400.12 करोड़ रुपए से कम है।



You may also like

Leave a Comment