बिजऩेस रेमेडीज/
नई दिल्ली/आईएएनएस
एनसीआरटीसी को बर्लिन (जर्मनी) में आयोजित यूआईसी सस्टेनेबिलिटी इम्पैक्ट अवार्ड्स में बेहतरीन कनेक्टिविटी के लिए सर्वश्रेष्ठ ट्रांजिट पुरस्कार और वैश्विक प्रविष्टियों के बीच ओवरऑल विनर पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। सस्टेनेबल डेवलपमेंट फाउंडेशन के सहयोग से इंटरनेशनल यूनियन ऑफ रेलवे (यूआईसी) द्वारा इस पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया था।
एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने परिवहन प्रौद्योगिकी के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले, इनोट्रांस 2024, में इन पुरस्कारों को प्राप्त किया। ये पुरस्कार यूआईसी के 2030 के ‘बेहतर भविष्य का डिजाइन’ विजन और संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) के अनुरूप हैं। एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने कहा, कि ये पुरस्कार एनसीआरटीसी के व्यापक मल्टी मॉडल एकीकरण के अभिनव दृष्टिकोण का प्रमाण हैं, जो आरआरटीएस स्टेशनों को मौजूदा सार्वजनिक परिवहन साधनों जैसे मेट्रो, बसों और रेलवे स्टेशनों के साथ-साथ विभिन्न फस्र्ट और लास्ट माइल कनेक्टिविटी विकल्पों से जोड़ता है। इसके साथ ही एलटीई पर यूरोपीय ट्रेन कंट्रोल सिस्टम (ईटीसीएस) लेवल 2 के हाइब्रिड लेवल 3 सिग्नलिंग प्रणाली आने वाले दिनों में आरआरटीएस कॉरिडोर में इस्तेमाल होगी।
यह प्रतियोगिता इंटरनेशनल यूनियन ऑफ रेलवे (यूआईसी) द्वारा विकास फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित की जाती है। इसका उद्देश्य पूरे विश्व में रेलवे क्षेत्र में की गई शानदार उपलब्धियों को सम्मानित करना और प्रदर्शित करना है। इस वर्ष की प्रतियोगिता में 15 देशों से 17 फाइनलिस्ट शामिल थे, जिनमें कोरिया रेलरोड कॉर्पोरेशन, ईस्ट जापान रेलवे कंपनी, डीबी कार्गो ग्रुप (जर्मनी), एमट्रैक नेशनल रेल रोड पैसेंजर कॉर्पोरेशन (संयुक्त राज्य अमेरिका), एसएनसीबी असिस्ट-नेशनल रेलवे कंपनी ऑफ बेल्जियम, रेलवे फ्रॉम इटली सहित कई प्रतिष्ठित वैश्विक रेलवे निगमों ने हिस्सा लिया। आरआरटीएस नौ सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स (एसडीजी) में सहयोग करता है, जिनमे जलवायु परिवर्तन, शहरीकरण और लैंगिक समानता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दें हैं।

