बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। नई दिल्ली आधारित प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी पीएनसी इंफ्राटेक लिमिटेड ने शेयर बाजार को सूचित किया है कि कंपनी को “भरतपुर सिटी, भरतपुर में हीरादास चौराहा से कुम्हेर गेट चौराहा तक फ्लाईओवर का निर्माण” नामक परियोजना के लिए पीडब्ल्यूडी-राजस्थान से 239.94 करोड़ रुपए का ईपीसी ऑर्डर प्राप्त हुआ है। कंपनी को यह आर्डर 24 महीनों में पूरा करना होगा। पीएनसी इंफ्राटेक लिमिटेड की स्थापना 9 अगस्त 1999 को पीएनसी कंस्ट्रक्शन कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के रूप में की गई थी। कंपनी को 2001 में एक लिमिटेड कंपनी में बदल दिया गया और 2007 में इसका नाम बदलकर पीएनसी इंफ्राटेक लिमिटेड कर दिया गया। पीएनसी इंफ्राटेक लिमिटेड देश की अग्रणी इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, निर्माण और प्रबंधन कंपनियों में से एक है। कंपनी राजमार्ग, पुल, फ्लाईओवर, बिजली पारेषण लाइनें और टावर, हवाई अड्डे के रनवे, औद्योगिक क्षेत्र विकास और अन्य बुनियादी ढांचा गतिविधियों सहित इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का काम करती है।
कंपनी के कुछ प्रमुख ग्राहकों में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, राइट्स लिमिटेड, सैन्य इंजीनियरिंग सेवा, (भारत सरकार), मध्य प्रदेश सडक़ विकास निगम लिमिटेड, पी.डब्ल्यू.डी. उत्तर प्रदेश (विश्व बैंक सहायता प्राप्त और अन्य परियोजनाएं), यूपी पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड, दिल्ली राज्य औद्योगिक और अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड शामिल हैं।

