नई दिल्ली | बिजनेस रेमेडीज | ओरिएंट इलेक्ट्रिक लिमिटेड का मुनाफा वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही में 28.85 प्रतिशत बढक़र 40.28 करोड़ रुपये रहा। सीकेए बिड़ला गु्रप की इस कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि एक साल पहले जनवरी-मार्च तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 31.26 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व 10 प्रतिशत बढक़र 948.25 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 861.85 करोड़ रुपये था। ओईएल का कुल खर्च आलोच्य तिमाही में 8.8 प्रतिशत बढक़र 895.82 करोड़ रुपये रहा। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में, ओईएल का मुनाफ़ा 15.17 प्रतिशत बढक़र 95.84 करोड़ रुपये हो गया। कुल एकीकृत आय 7.43 प्रतिशत बढक़र 3,336.40 करोड़ रुपये हो गई। कंपनी के निदेशक मंडल ने मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए एक रुपये के अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 0.75 रुपये (75 पैसे) रुपये का लाभांश देने की घोषणा की। यह शेयरधारकों की मंजूरी पर निर्भर है।




