Monday, July 6, 2026 |
Home FinanceNPCI, HSBC इंडिया की साझेदारी, International UPI भुगतान के लिए Real-Time विदेशी मुद्रा निपटान होगा संभव

NPCI, HSBC इंडिया की साझेदारी, International UPI भुगतान के लिए Real-Time विदेशी मुद्रा निपटान होगा संभव

by Business Remedies
0 comments
NPCI And HSBC India Partnership For Real-Time Forex Settlement On International UPI Payments

भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) ने बुधवार को एचएसबीसी इंडिया के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य International UPI भुगतान के लिए Real-Time विदेशी मुद्रा निपटान की सुविधा उपलब्ध कराना है। इससे विदेश यात्रा करने वाले भारतीयों के लिए डिजिटल भुगतान पहले की तुलना में अधिक आसान, तेज़ और पारदर्शी बनने की उम्मीद है।

इस साझेदारी के तहत एचएसबीसी इंडिया API के माध्यम से Real-Time विदेशी मुद्रा विनिमय दर उपलब्ध कराएगा। इसके परिणामस्वरूप विदेश में खरीदारी करते समय ग्राहक भुगतान से पहले ही भारतीय मुद्रा में देय सटीक राशि देख सकेंगे। इससे भुगतान प्रक्रिया अधिक स्पष्ट होगी और ग्राहकों को विनिमय दर को लेकर किसी प्रकार की अनिश्चितता का सामना नहीं करना पड़ेगा। एनपीसीआई का कहना है कि यह पहल सीमा-पार डिजिटल भुगतान प्रणाली को अधिक कुशल बनाएगी। साथ ही विदेशों में मौजूद व्यापारियों और वित्तीय संस्थानों को उनकी स्थानीय मुद्रा में तेज़ी से भुगतान प्राप्त होगा। इससे अंतरराष्ट्रीय लेनदेन की गति बढ़ेगी और भुगतान प्रक्रिया अधिक विश्वसनीय बनेगी।

एनपीसीआई के प्रवक्ता ने कहा कि एचएसबीसी इंडिया के साथ यह साझेदारी विदेशी मुद्रा परिवर्तन और Real-Time निपटान को अधिक प्रभावी बनाएगी। इससे उपयोगकर्ताओं को पारदर्शी भुगतान अनुभव मिलेगा और अंतरराष्ट्रीय भुगतान पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो जाएगा। इसके साथ ही भारत के डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना की वैश्विक स्वीकार्यता को भी बढ़ावा मिलेगा। एचएसबीसी इंडिया की वैश्विक भुगतान सेवाओं और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की मदद से तैयार किया गया API आधारित ढांचा सुरक्षित और चौबीसों घंटे सीमा-पार लेनदेन की सुविधा प्रदान करेगा। इससे International UPI भुगतान अधिक तेज़, सुरक्षित और प्रभावी बनेंगे।

वर्तमान में UPI सेवा सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, नेपाल, भूटान, मॉरीशस, फ्रांस, श्रीलंका, कतर और कंबोडिया सहित 9 देशों में उपलब्ध है। भारतीय उपभोक्ता इन देशों में अपने भारतीय बैंक खातों से सीधे QR Code के माध्यम से भारतीय मुद्रा में भुगतान कर सकते हैं। भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम देश में खुदरा डिजिटल भुगतान प्रणाली का प्रमुख संस्थान है। इसने UPI, रुपे, आईएमपीएस, एनएसीएच, एनईटीसी, एईपीएस और ई-रुपी जैसी महत्वपूर्ण भुगतान प्रणालियों के विकास में अहम भूमिका निभाई है। यह संस्था भारतीय रिज़र्व बैंक और भारतीय बैंक संघ के मार्गदर्शन में कार्य करती है।



You may also like

Leave a Comment