निसान मोटर इंडिया आज सब-4 मीटर सेगमेंट में नई कार ग्रेवाइट लॉन्च करने जा रही है। कंपनी की नई 7-सीटर मल्टी पर्पस व्हीकल (MPV) भारत में Renault Triber, Maruti Ertiga, Maruti XL6, Kia Carens और Kia Carens Clavis को टक्कर देगी। निसान ने नई MPV का फर्स्ट लुक (18 जनवरी) रिवील किया था। ये Renault Triber के प्लेटफॉर्म पर बेस्ड है और भारत में डेवलप की गई है। कार में डिजिटल क्लस्टर और सेफ्टी के लिए 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स मिल सकते हैं।
ये बजट 7-सीटर MPV सेगमेंट में निसान की नई एंट्री है। ये Renault Triber की तरह बजट फैमिली कार होगी और इसकी एक्स-शोरूम कीमत 6 से 9 लाख रुपए के बीच हो सकती है। बुकिंग की जानकारी फिलहाल नहीं आई हैं।
ट्राइबर की तरह सब-4 मीटर साइज में 7 सीट्स
ग्रेवाइट की सबसे बड़ी खासियत इसका सब-4 मीटर साइज है, जिसमें 7 सीट्स के साथ फ्लेक्सिबल सीटिंग मिलेगी। थर्ड रो सीट्स रिमूवेबल होंगी, जिससे बूट स्पेस ज्यादा हो जाएगा। ये शहर में आसानी से चलने वाली और फैमिली यूज के लिए प्रैक्टिकल MPV होगी। Renault Triber की तरह मॉड्यूलर सीटिंग सेटअप मिलेगा।
एक्सटीरियर डिजाइन: स्लिम LED DRLs के साथ हनीकॉम्ब ग्रिल
कार का डिजाइन कंपनी की अपकमिंग SUV Tecton की तरह होगा। इसके फ्रंट में हनीकॉम्ब डिजाइन वाली बोल्ड ग्रिल मिलेगी, जिसके बीच में Nissan का लोगो है। वहीं बोनट पर GRAVITE की बैजिंग दी गई है। स्लिम LED DRLs लाइट बार से कनेक्टेड हैं और हेडलैंप्स नए डिजाइन के साथ आएंगे। साइड प्रोफाइल में रूफ रेल्स, पुल टाइप डोर हैंडल्स और डुअल-टोन अलॉय व्हील्स दिखेंगे। सिल्हूट Triber जैसा ही है, लेकिन Nissan स्टाइलिंग से अलग लुक मिलेगा। रियर में डिसकनेक्टेड टेल लाइट्स हैं, जिन्हें थिन क्रोम स्ट्रिप जोड़ेगी। टेलगेट पर GRAVITE लेटरिंग और सिंपल बंपर में C-शेप एलिमेंट होगा। कुल मिलाकर मॉडर्न और बोल्ड डिजाइन है। डायमेंशन सब-4 मीटर रखी गई है, कलर ऑप्शन की डिटेल लॉन्च पर आएगी।
इंटीरियर: Triber से इंस्पायर्ड केबिन डिजाइन
इंटीरियर Triber से इंस्पायर्ड होगा, लेकिन Nissan के अपने कलर थीम और अपहोल्स्ट्री मिलेगी। डैशबोर्ड बेसिक लेआउट वाला होगा। स्टीयरिंग व्हील और सीट्स कॉम्फी होंगी। थर्ड रो तक AC वेंट्स दिए गए हैं। पैनोरमिक सनरूफ की उम्मीद कम है, लेकिन मैनुअल AC और अच्छा स्पेस मिलेगा। फुल इंटीरियर डिटेल अभी अनवील नहीं हुई है।
परफॉरमेंस: 1.0 लीटर का 3 सिलेंडर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन
कार में परफॉर्मेंस के लिए 1.0 लीटर का 3 सिलेंडर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 72PS की पावर और 96Nm का टॉर्क जनरेट करता है। ट्रांसमिशन के लिए 5-स्पीड मैनुअल या 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स ऑप्शनल होंगे। माइलेज की डिटेल लॉन्च पर आएगी, लेकिन Triber जैसी अच्छी फ्यूल एफिशिएंसी मिलने की उम्मीद है।

