बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। JSW MG Motor India वृद्धि के अगले चरण को गति देने के लिए पांच वर्षीय योजना के तहत इस वर्ष चार नए मॉडल पेश करने की योजना बना रही है, जिनमें एक ‘प्लग-इन हाइब्रिड’ एसयूवी भी शामिल है। कंपनी के प्रबंध निदेशक Anurag Mehrotra ने बताया कि कंपनी ने हाल ही में प्रीमियम एसयूवी ‘Majestor’ पेश की है और अपनी उत्पादन क्षमता को वर्तमान के 1.2 लाख इकाई से बढ़ाकर तीन लाख वाहन सालाना करने जा रही है। इसके अलावा, कंपनी स्थानीय उत्पादन को भी बढ़ाएगी और नए मॉडल लाएगी। इसमें कुल मिलाकर 5,000 करोड़ रुपये तक का निवेश होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘हम अगले चरण की तैयारी कर रहे हैं, इसलिए हमने एक पांच वर्षीय योजना बनाई है। इस योजना के तहत उत्पादन को बढ़ाकर लगभग तीन लाख इकाई करने का लक्ष्य रखा गया है।’’ Mehrotra ने कहा, ‘‘हम कारखाना विस्तार के लिए 4,000 करोड़ रुपये से 5,000 करोड़ रुपये के बीच निवेश करने की योजना बना रहे हैं। साथ ही यह निवेश उत्पादों और स्थानीयकरण को बढ़ावा देने पर होगा। मुख्य रूप से हमारा पूंजीगत व्यय इन्हीं तीन क्षेत्रों में होगा।’’
उन्होंने वित्तपोषण के संदर्भ में कहा कि कंपनी आंतरिक संसाधनों और बाहरी वित्तपोषण सहित विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रही है। Mehrotra ने वार्षिक क्षमता बढ़ाने की समयसीमा के बारे में कहा, ‘‘विस्तार में आमतौर पर लगभग 18 महीने लगेंगे।’’ Gujarat स्थित कंपनी के Halol कारखाने की वर्तमान वार्षिक क्षमता 1.2 लाख इकाई है। नए उत्पादों के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘इस साल ही हम चार उत्पाद पेश करने की योजना बना रहे हैं।’’ पहला उत्पाद है Majestor, जिसके इस साल अप्रैल-मई में बाजार में आने की उम्मीद है और यह Toyota Fortuner जैसी कारों को टक्कर देगा। Mehrotra ने कहा, ‘‘इसके बाद हम इसी वर्ष में तीन और उत्पाद पेश करेंगे। Majestor के अलावा बाकी तीन उत्पाद पूरी तरह से नई ऊर्जा से चलने वाले वाहन होंगे, जिनमें से एक ‘प्लग-इन हाइब्रिड’ होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जिन चार उत्पादों की हम बात कर रहे हैं, वे सभी एसयूवी होंगे।’’

