कोच्चि, 25 मार्च, 2025: भारत की सबसे बड़ी स्वर्ण ऋण (गोल्ड लोन) एनबीएफसी, मुथूट फाइनेंस लिमिटेड को एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स से ‘बीबी+/बी’ रेटिंग मिली है, जिसका दृष्टिकोण (आउटलुक) स्थिर (स्टेबल) है। इस रेटिंग से कंपनी के सुरक्षित वित्तीय आधार, विवेकपूर्ण जोखिम प्रबंधन और बदलते नियामक ढांचे के साथ आगे बढ़ने के प्रति इसका लचीलापन रेखांकित होता है।
कंपनी की इस बेहतर रेटिंग से निवेशकों का भरोसा और बढ़ने की उम्मीद है और इससे मुथूट फाइनेंस की दीर्घकालिक वृद्धि से योजनाओं को समर्थन भी मिलेगा।
एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने अपने आकलन में कहा: “हमने मुथूट फाइनेंस के लिए अपनी जारीकर्ता क्रेडिट रेटिंग को ‘बीबी/बी’ से बढ़ाकर ‘बीबी+/बी’ कर दिया है। यह हमारे इस दृष्टिकोण को दर्शाता है कि कंपनी अगले 12 महीनों में अपनी उत्कृष्ट पूंजी और आय बरकरार रखते हुए भारत में विशेष रूप से उच्च स्तर के फिनको से जुड़े बेहतरीन विनियमनों का लाभ उठाएगी। हमें उद्योग के अनुरूप मुथूट की माइक्रोफाइनेंस सहायक कंपनी की परिसंपत्ति गुणवत्ता पर कुछ दबाव पड़ने की आशंका है लेकिन इसके बावजूद, हमें उम्मीद है कि कंपनी अपने बेहद उच्च स्तर के कोलैटरल (संपार्श्विक) वाले स्वर्ण ऋण पोर्टफोलियो की प्रमुखता के कारण समग्र परिसंपत्ति गुणवत्ता को बनाए रखेगी।
मुथूट, स्वर्ण ऋण बाज़ार की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है, जो सोने के आभूषणों के बदले ऋण देती है, हालांकि, यह भारत के समग्र वित्तीय क्षेत्र के लिहाज़ से अपेक्षाकृत छोटा हिस्सा है। हमें उम्मीद है कि बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बावजूद कंपनी बाज़ार में अपना दबदबा बरकरार रखेगी। मुथूट को मज़बूत ब्रांड पहचान और स्वर्ण ऋण में सिद्ध ट्रैक रिकॉर्ड से लाभ मिलता है। बैंक इस आकर्षक खंड में बेहद सक्रिय हो गए हैं, लेकिन हमारा मानना है कि मुथूट इस क्षेत्र में अपने व्यापक अनुभव और विशेषज्ञता के मद्देनज़र बाज़ार में अपनी अग्रणी स्थिति को बनाए रखेगी।”
मुथूट फाइनेंस की रेटिंग बढ़ने से भारतीय वित्तीय सेवा परिदृश्य में उनकी स्थिति और मज़बूत हुई है। कंपनी अपने व्यापक शाखा नेटवर्क, ग्राहकों के गहरे भरोसे और जोखिम प्रबंधन के दृढ़ ढांचे के साथ, बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बावजूद स्वर्ण ऋण खंड में अपनी अग्रणी स्थिति बनाए हुए है।
मुथूट फाइनेंस के प्रबंध निदेशक, जॉर्ज अलेक्ज़ेंडर मुथूट ने कहा: “कंपनी की रेटिंग में बढ़ोतरी (अपग्रेड) से हमारी बैलेंस शीट, लाभप्रदता बढ़ाने, परिचालन दक्षता बढ़ाने और सतत विकास से जुड़ी रणनीतियों को क्रियान्वित करने के लिहाज़ से हमारी निरंतर प्रगति ज़ाहिर होती है। इससे वित्तीय लचीलापन और स्थिरता बनाए रखते हुए गतिशील बाज़ार स्थितियों से निपटने से जुड़ी हमारी क्षमता पर निवेशकों, भागीदारों और ग्राहकों सहित बाहरी हितधारकों का भरोसा रेखांकित होता है।”
एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स से मिली बेहतर रेटिंग मुथूट फाइनेंस की विवेकपूर्ण वित्तीय प्रबंधन, ज़िम्मेदार ऋण प्रक्रियाओं और हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजन के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। कंपनी निरंतर वृद्धि और स्थिरता सुनिश्चित करते हुए वित्तीय क्षेत्र के अवसरों का लाभ उठाने के लिहाज़ से मज़बूत स्थिति में है।

