मुंबई,
देश के प्रमुख कमोडिटी एक्सचेंज मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एमसीएक्स) ने सोमवार को घोषणा की कि उसे बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) से प्रस्तावित कोयला एक्सचेंज में निवेश करने की मंजूरी मिल गई है। इस मंजूरी के साथ ही कंपनी ऊर्जा क्षेत्र के इस नए सेगमेंट में प्रवेश करने जा रही है।
कंपनी ने बताया कि वह कोयला एक्सचेंज से जुड़े प्रारूप नियमों के तहत न्यूनतम नेटवर्थ आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए 100 करोड़ रुपये तक की पूंजी निवेश करने की योजना बना रही है। यह कदम कमोडिटी कारोबार में अपनी पकड़ मजबूत करने और ऊर्जा क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। एमसीएक्स पहले से ही कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस जैसे उत्पादों में डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स प्रदान करता है। इसके अलावा पिछले वर्ष बिजली वायदा की शुरुआत भी की गई थी। अब कोयला कारोबार में प्रवेश से कंपनी का ऊर्जा पोर्टफोलियो और अधिक व्यापक होने की उम्मीद है।
कंपनी के अनुसार, प्रस्तावित कोयला एक्सचेंज का उद्देश्य एक ऐसा विनियमित, पारदर्शी और तकनीक आधारित प्लेटफॉर्म तैयार करना है, जहां कोयले का कारोबार सुव्यवस्थित तरीके से हो सके और घरेलू बाजार में कीमतों की सही खोज सुनिश्चित हो। एमसीएक्स ने यह भी जानकारी दी कि सेबी की मंजूरी के बाद वह अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी स्थापित करेगा, जिसका संभावित नाम ‘एमसीएक्स कोयला एक्सचेंज लिमिटेड’ या ‘एमसीएक्स कोयला एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड’ हो सकता है। शुरुआती चरण में इस नई इकाई में एमसीएक्स की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी रहेगी, जबकि भविष्य में रणनीतिक भागीदारों को शामिल करने की संभावना भी रखी गई है।
प्रस्तावित कोयला एक्सचेंज एक मानकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगा, जहां बाजार आधारित कीमतों पर कोयले की भौतिक आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। नई कंपनी आवश्यक मंजूरियों के लिए कोयला नियंत्रक संगठन, भारत के पास आवेदन करेगी। stock market update की बात करें तो इस घोषणा के बाद सोमवार को बीएसई पर एमसीएक्स के शेयर 1.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,895.10 रुपये पर कारोबार करते दिखाई दिए। दिन के दौरान शेयर ने 2,903.05 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ, जो इसका 52 सप्ताह का उच्च स्तर है, जबकि 52 सप्ताह का निचला स्तर 1,120.20 रुपये रहा।

