– 5 रुपए का अंतिम लाभांश घोषित, अगले तीन वर्षों के लिए सुरेश कुमार पोद्दार बने रहेंगे अध्यक्ष, प्रबंध निदेशक व सीईओ
धैर्यवर्धन सिंह राजावत | जयपुर। जयपुर आधारित वैश्विक आर्टिफिशियल लेदर निर्माता कंपनी मयूर यूनिकोटर्स लिमिटेड ने 31 मार्च 2025 को समाप्त वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही और वार्षिक वित्तीय परिणाम प्रस्तुत किए हैं। उक्त अवधि में कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। कंसोलिडेटेड बैलेंस शीट के अनुसार 31 मार्च 2025 को समाप्त वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में कंपनी का राजस्व गत वित्त वर्ष की समान अवधि में अर्जित 227.57 करोड़ रुपए के मुकाबले 15.17 फीसदी बढक़र 262.11 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। उक्त अवधि में कंपनी ने गत वित्त वर्ष की समान अवधि में अर्जित 32.21 करोड़ रुपए के मुकाबले 28.84 फीसदी अधिक 41.50 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। इससे प्रतीत हो रहा है कि कंपनी ने बॉटम लाइन मार्जिन में अच्छा सुधार दर्ज किया है।
31 मार्च 2025 को समाप्त वित्त वर्ष में कंपनी का राजस्व गत वित्त वर्ष की समान अवधि में अर्जित 834.82 करोड़ रुपए के मुकाबले 12.18 फीसदी बढक़र 920.86 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। उक्त अवधि में कंपनी ने गत वित्त वर्ष की समान अवधि में अर्जित 122.46 करोड़ रुपए के मुकाबले 21.90 फीसदी अधिक 149.28 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है।
परिणाम में मयूर यूनिकोटर्स लिमिटेड (होल्डिंग कंपनी) और पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनियों – मयूर यूनिकोटर्स कॉर्प ग्रुप (मयूर यूनिकोटर्स कॉर्प, यूएसए और इसकी दो सहायक कंपनियां फ्यूचूरा (बी) टेक्सटाइल्स इंक., यूएसए, यूएबी फ्यूचूरा टेक्सटाइल्स यूरोप), मयूर यूनिकोटर्स एसए (पीटीवाई) लिमिटेड, दक्षिण अफ्रीका और मयूर टेकफैब प्राइवेट लिमिटेड, भारत की वित्तीय जानकारी शामिल है।
गुरुवार को हुई बोर्ड मीटिंग में कंपनी के निदेशक मंडल ने शेयरधारकों को 5 रुपए प्रति शेयर का अंतिम लाभांश देने की सिफारिश की है। इसके साथ ही कंपनी के निदेशक मंडल ने सुरेश कुमार पोद्दार को अगले 3 वर्षों के लिए कंपनी के अध्यक्ष, प्रबंध निदेशक और सीईओ के पद पर नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

