नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद आधारित ‘मायाशील वेंचर्स लिमिटेड’ रोड़ और हाईवे बनाने वाली प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी है। कंपनी द्वारा उपकरण/मशीनरी की खरीद के लिए वांछित पूंजीगत व्यय आवश्यकताओं के वित्तपोषण, कार्यशील पूंजी आवश्यकता का वित्तपोषण और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के प्रोस्पेक्ट्स से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।
कारोबारी गतिविधियां: मई 2008 में निगमित मायाशील वेंचर्स लिमिटेड एनएचआईडीसीएल और अन्य सरकारी विभागों के लिए सड़कें और राजमार्ग बनाती है। कंपनी एक्सप्रेसवे, राजमार्ग, फ्लाईओवर और पुल जैसी जटिल परियोजनाओं के निर्माण, परिवर्तन और विकास में संलग्न है। कंपनी ईपीसी (इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण) और बीओक्यू (बिल ऑफ क्वांटिटी) के आधार पर परियोजनाएं स्थापित एवं संचालित करती है। कंपनी बिजली के कामों में भी लगी हुई है, जिसमें बिजली घर बनाना, स्ट्रीट लाइट लगाना और ट्रांसमिशन लाइनें विकसित करना शामिल है। कंपनी सरकारी विभागों को सेवाएं देती है और मुख्य रूप से निविदाओं से राजस्व अर्जित करती है।
बिजनेस सेगमेंट:
निर्माण कार्य: इस सेगमेंट में सड़क निर्माण, राजमार्ग निर्माण, पुल और फ्लाईओवर निर्माण, सड़क नाली और सीवरेज प्रणाली निर्माण शामिल हैं।
विद्युत कार्य: इस सेगमेंट में विद्युत पावर हाउस, ट्रांसमिशन लाइन, स्ट्रीट लाइट, सिंगल फेज इलेक्ट्रॉनिक ऊर्जा मीटर शामिल हैं | 31 मार्च, 2025 तक, कंपनी के पास पेरोल पर 294 कर्मचारी कार्यरत थे।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 127.10 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 4.75 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 131.14 करोड़ रुपए का राजस्व और 6.51 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 172.05 करोड़ रुपए का राजस्व और 11.33 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी साल दर साल अच्छे वित्तीय परिणाम प्रस्तुत कर रही है। वित्त वर्ष 2025 के अंत में कंपनी की असेट 99.10 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 28.84 करोड़ रुपए, रिजर्व एवं सरप्लस 12.59 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 34.06 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। कंपनी का कर्ज इक्विटी अनुपात 1.60 गुना का है।
प्रवर्तकों का अनुभव:
48 वर्षीय अमित गर्ग कंपनी के प्रमोटर, अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक हैं। उन्हें निगमन के बाद से कंपनी के प्रबंध निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है। उन्होंने मेरठ विश्वविद्यालय से वाणिज्य में स्नातक की डिग्री (बी. कॉम) पूरी की है। सड़क निर्माण उद्योग के विभिन्न पहलुओं में उनके पास 15 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव है। वे सभी दिन-प्रतिदिन की गतिविधियों को देखने और यह सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार हैं कि सभी आवश्यक मानकों को बनाए रखा जाए और संचालन टीम को दिशा प्रदान की जाए एवं कंपनी के दिन-प्रतिदिन के संचालन के सभी पहलुओं की देखरेख की जाए।
47 वर्षीया मीनू गर्ग निगमन के समय से ही कंपनी की प्रमोटर और कार्यकारी निदेशक हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से कला में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है और उन्हें व्यवसाय प्रशासन में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्हें व्यवसाय प्रबंधन की अच्छी समझ है, जो कंपनी की रणनीतिक पहलों को आगे बढ़ाने में सहायक रही है।
34 वर्षीय प्रभात राजपूत निगमन के समय से ही कंपनी के प्रमोटर और गैर-कार्यकारी निदेशक हैं। उन्होंने पंजाब तकनीकी विश्वविद्यालय से मास्टर्स ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) किया है और उनके पास बिजनेस मैनेजमेंट में 7 वर्षों का अनुभव है। वे कंपनी की परियोजना प्रबंधन टीम का नेतृत्व करते हुए कंपनी को मार्गदर्शन और संचालन प्रदान करते हैं।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘मायाशील वेंचर्स लिमिटेड’ का आईपीओ एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर 20 जून को खुलकर 24 जून 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 58,05,000 शेयर 44 से 47 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 27.28 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 3000 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी नारनोलिया फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

