बिजनेस रेमेडीज / नई दिल्ली। देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी Maruti Suzuki India Limited ने अपने विनिर्माण विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए गुजरात में नई क्षमता बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। कंपनी ने शेयर बाजारों को दी जानकारी में बताया कि बोर्ड ने गुजरात औद्योगिक विकास निगम (GIDC) के खोराज औद्योगिक एस्टेट में निर्माण क्षमता के पहले चरण को बढ़ाने को स्वीकृति प्रदान की है। इससे पहले 12 जनवरी 2026 की बैठक में इसी स्थान पर भूमि अधिग्रहण को मंजूरी दी गई थी।
प्रबंधन के अनुसार, Maruti Suzuki India Limited की गुरुग्राम, मानेसर, खरखौदा और हंसलपुर स्थित इकाइयों में कुल मौजूदा उत्पादन क्षमता लगभग 24 लाख यूनिट प्रति वर्ष है, जबकि कुल स्थापित क्षमता करीब 26 लाख यूनिट प्रति वर्ष तक पहुंच चुकी है। इसमें पूर्व Suzuki Motor Gujarat Private Limited की उत्पादन क्षमता भी शामिल है, जिसका कंपनी में विलय हो चुका है। कंपनी ने बताया कि मौजूदा उत्पादन क्षमता का लगभग पूरा उपयोग किया जा रहा है, जिसके चलते नए निवेश की आवश्यकता महसूस की गई।
खोराज प्लांट के पहले चरण में वार्षिक 2.5 लाख वाहनों के निर्माण की क्षमता विकसित की जाएगी, जिसे 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना पर कुल ₹10,189 करोड़ का निवेश किया जाएगा, जिसमें कार निर्माण संयंत्र के साथ-साथ भविष्य के विस्तार के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा भी शामिल होगा। Maruti Suzuki India Limited ने स्पष्ट किया कि यह पूरा निवेश आंतरिक संसाधनों से किया जाएगा। कंपनी को उम्मीद है कि घरेलू बाजार में बढ़ती मांग और निर्यात के अवसर इस विस्तार को मजबूती देंगे। ऑटो सेक्टर के जानकारों का मानना है कि यह कदम न केवल कंपनी की उत्पादन क्षमता को बढ़ाएगा, बल्कि भारत को एक प्रमुख ऑटो मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में और मजबूत करेगा।

