बिजऩेस रेमेडीज/जयपुर
मणिपाल यूनिवर्सिटी जयपुर के नए अध्यक्ष के लिए एमयूजे परिसर के वसंती आर.पई सभागार में अभिनंदन एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष प्रो. जी के प्रभु को विदाई दी और नए अध्यक्ष प्रो. नीति निपुण शर्मा का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रो-प्रेसिडेंट कमोडोर (डॉ.) जवाहर मल जांगिड़ के स्वागत संबोधन से हुई, जिन्होंने शैक्षणिक और प्रशासनिक कर्मचारियों सहित सभी गणमान्य व्यक्तियों का अभिवादन किया। अपने संबोधन में डॉ. जांगिड़ ने निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. जी के प्रभु के कुशल नेतृत्व में मणिपाल विश्वविद्यालय जयपुर द्वारा प्राप्त उल्लेखनीय विकास और सफलता पर प्रकाश डाला। डॉ. जांगिड़ ने नए अध्यक्ष प्रो. एन एन शर्मा का भी गर्मजोशी से स्वागत किया और उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय अकादमिक उत्कृष्टता में नई ऊंचाइयों को छुएगा। इस अवसर पर एक ऑडियो-विजुअल फिल्म दिखाई गई, जिसमें मणिपाल ग्रुप और विशेष रूप से एमयूजे में प्रोफेसर जी के प्रभु की यात्रा पर प्रकाश डाला गया।
समारोह में एमयूजे के चेयरमैन श्री एस. वैथीस्वरन भी उपस्थित थे। उन्होंने अभिनंदन संबोधन दिया, प्रोफेसर जी के प्रभु के कार्यकाल, उनके बहुमुखी व्यक्तित्व और दूरदर्शी नेतृत्व की प्रशंसा की, जिसके कारण एमयूजे में महत्वपूर्ण विकास हुआ। साथ ही, उन्होंने नए अध्यक्ष प्रोफेसर एन एन शर्मा का भी स्वागत करते हुए दोनों लीडर्स को अपनी शुभकामनाएं दीं।
मणिपाल मेडिकल एंड एजुकेशनल ग्रुप के ग्रुप चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर निशीथ के मोहंती ने भी इस अवसर शामिल रहे। एमयूजे के एचआर हेड श्रीधर एम एस ने प्रोफेसर जी के प्रभु के बारे में प्रशस्ति पत्र पढ़ा। सभी गणमान्यों ने डॉ. जी के प्रभु और उनकी पत्नी सुश्री मालिनी प्रभु को शॉल, प्रशस्ति पत्र और पारंपरिक राजस्थानी साफा देकर सम्मानित किया। अपने अभिनंदन के उत्तर में डॉ. प्रभु ने मणिपाल ग्रुप के अधिकारियों, मणिपाल विश्वविद्यालय जयपुर के शिक्षकों और छात्रों को धन्यवाद दिया। उन्होंने सभी से जीवन में प्रसन्न रहने और जीवन में समृद्ध होने का आग्रह किया। उन्होंने नए अध्यक्ष प्रोफेसर एन एन शर्मा का भी स्वागत किया।

