बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। राजस्थान के अलवर आधारित ‘KRN Heat Exchanger & Refrigeration Limited’ फिन और ट्यूब-टाइप हीट एक्सचेंजर्स की अग्रणी निर्माता कंपनी है। कंपनी द्वारा नीमराना, अलवर, राजस्थान में एक नई विनिर्माण सुविधा स्थापित करने के लिए पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी, KRN HVAC Products Pvt Ltd में निवेश करने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई और बीएसई मैनबोर्ड पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर २७ सितम्बर को बंद होगा।
यह करती है कंपनी: KRN Heat Exchanger & Refrigeration Limited फिन और ट्यूब-टाइप हीट एक्सचेंजर्स का अग्रणी निर्माता है। कंपनी कॉपर और एल्युमीनियम फिन और कॉपर ट्यूब हीट एक्सचेंजर्स, वॉटर कॉइल्स, कंडेनसर कॉइल्स और इवेपोरेटर कॉइल्स बनाती है। कंपनी 5 मिमी व्यास से 7 मिमी, 9.52 मिमी, 12.7 मिमी और 15.88 मिमी तक विभिन्न आकार और आकार के हीट एक्सचेंजर ट्यूब बनाती है।
वित्तीय प्रदर्शन : स्टैंडलोन बैलेंस शीट के अनुसार वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने कुल राजस्व 158.23 करोड़ रुपए एवं 10.59 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2023 में 249.89 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 32.31 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ दर्ज किया है। कंसोलिडेटेड बैलेंस शीट के अनुसार वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 313.54 करोड़ रुपए का राजस्व एवं ३९.०६ करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। कंपनी के वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी का राजस्व एवं कर पश्चात शुद्ध लाभ वर्ष दर वर्ष बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2024 तक कंपनी की असेट्स 258.36 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 131.65 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 59.69 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का कर्ज इक्विटी अनुपात 0.45 गुना दर्ज किया गया है। इस आधार पर कह सकते हैं कि कंपनी पर कर्जभार अधिक नहीं है।
IPO के संबंध में जानकारी: ‘KRN Heat Exchanger & Refrigeration Limited’ का IPO NSE and BSE Mainboard पर 25 सितम्बर को खुलकर 27 सितम्बर 2024 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 15,543,000 शेयर 209 रुपए से 220 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 341.95 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। IPO का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी होलानी कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है

