Thursday, October 8, 2026 |
Home Health and LifestyleKia Tennis Premier League Season 8: राजस्थान रेंजर्स टीम में गर्व, जुनून और जीत का विश्वास पैदा करना चाहते हैं सानिया मिर्ज़ा और सलीम दीवान

Kia Tennis Premier League Season 8: राजस्थान रेंजर्स टीम में गर्व, जुनून और जीत का विश्वास पैदा करना चाहते हैं सानिया मिर्ज़ा और सलीम दीवान

TPL का सीजन 8, 8 से 13 दिसंबर तक हैदराबाद में आयोजित होगा, खिलाड़ियों की नीलामी 12 अक्टूबर को होगी।

by Business Remedies
0 comments

नई दिल्ली, 6 अक्टूबर 26: भारतीय टेनिस की दिग्गज खिलाड़ी सानिया मिर्जा वर्ष 2021 से Kia Tennis Premier League (TPL) का अहम हिस्सा रही हैं। इस दौरान उन्होंने टीम मेंटर से लेकर सपोर्टर और ऑफिसियल फ्रेंचाइज़ी एंबेसडर जैसी अलग-अलग भूमिकाएं निभाई हैं। टीपीएल के आठवें सीजन से पहले राजस्थान रेंजर्स की ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने पर सानिया काफी उत्साहित नजर आ रही हैं।
यह भूमिका उनके लिए और भी खास हो जाती है क्योंकि इस बार लीग उनके होम टाउन हैदराबाद पहुंच रही है। टूर्नामेंट 8 से 13 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। यह पहली बार है जब किआ टेनिस प्रीमियर लीग दक्षिण भारत में आयोजित हो रही है। इसके सभी मुकाबले हैदराबाद के लाल बहादुर (एलबी) स्टेडियम टेनिस कॉम्प्लेक्स में खेले जाएंगे। खिलाड़ियों की नीलामी 12 अक्टूबर को मुंबई में होगी।
सानिया ने कहा, “मैं कई वर्षों से टीपीएल का हिस्सा रही हूं और इस साल यह मेरे लिए और भी खास है, क्योंकि इसका आयोजन मेरे होमटाउन हैदराबाद में हो रहा है। टीपीएल लगातार आगे बढ़ रहा है और भारत की प्रमुख स्पोर्ट्स लीग्स में अपनी पहचान बना रहा है। मैं खिलाड़ियों की नीलामी में मौजूद रहूंगी और अपनी टीम राजस्थान रेंजर्स का उत्साह बढ़ाऊंगी और उसका समर्थन करूंगी। हम आने वाले सीजन के लिए एक मजबूत टीम तैयार करना चाहते हैं।”
पद्म भूषण से सम्मानित सानिया मिर्जा भी राजस्थान रेंजर्स का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित हैं। आरएपीएल ग्रुप ने टीपीएल के सीजन 8 से पहले राजस्थान रेंजर्स फ्रेंचाइज़ी की जिम्मेदारी संभाली है।
सानिया ने आगे कहा, “मैं आरएपीएल ग्रुप के स्वामित्व वाली राजस्थान रेंजर्स टीम का हिस्सा बनकर बेहद उत्साहित हूं। आरएपीएल ग्रुप भारत में टेनिस को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। किआ टेनिस प्रीमियर लीग के सीजन 8 में टीम की ब्रांड एंबेसडर बनना मेरे लिए खुशी की बात है। टीपीएल ने शुरुआती वर्षों के बाद काफी प्रगति की है और आने वाला सीजन टेनिस को देश के ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने का एक और अच्छा मौका है।”
आरएपीएल ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर सलीम दीवान चाहते हैं कि यह टीम राजस्थान के लोगों के साथ एक भावनात्मक जुड़ाव बनाए और इस मंच के जरिए टेनिस को ज्यादा पहचान मिले। सलीम ने कहा, “यह सिर्फ एक टीम का मालिक बनने की बात नहीं है। यह ऐसी चीज का हिस्सा बनने की बात है, जो लोगों को एक-दूसरे से जोड़ती है। मेरा सपना ऐसी टीम बनाने का है, जिससे लोग जुड़ें, उसका समर्थन करें और उस पर गर्व महसूस करें। एक उद्यमी और अभिनेता के रूप में मेरे सफर ने मुझे अपने विजन पर विश्वास करना सिखाया है। जब आपकी टीम के सदस्य आपके परिवार की तरह बन जाते हैं, तो अपने विजन को पूरा करना आसान हो जाता है।”

सलीम दीवान के साथ आरएपीएल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सत्तार दीवान और फिल्म प्रोड्यूसर व राजस्थान रेंजर्स के वाइस-चेयरमैन जोनू राणा भी टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे।
राजस्थान के झुंझुनू से आने वाले सलीम चाहते हैं कि उनकी टीम शुरुआत से लेकर अंत तक अपना जुझारूपन और लड़ने का जज्बा दिखाए। सलीम ने कहा, “बस एक ही चीज चाहिए और वो है फाइटिंग स्पिरिट। मैं चाहता हूं कि राजस्थान रेंजर्स पूरी ताकत के साथ खेले, एकजुट रहे और हर एक अंक के लिए पूरी मेहनत से लड़े। यही मेरी उम्मीद है।” उन्होंने आगे कहा, “राजस्थान अपनी शान, जुनून और कभी हार न मानने के जज्बे के लिए जाना जाता है। मुझे लगता है कि यही राजस्थान रेंजर्स की पहचान भी है। हम पूरे दिल से खेलने, अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने और हर पल को यादगार बनाने के लिए मैदान में उतरेंगे।”



You may also like

Leave a Comment