बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। नई दिल्ली आधारित ‘इन्फोनेटिव सॉल्यूशंस लिमिटेड’ ई-लर्निंग कंटेंट और सर्विसेज विकसित करने वाली प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा एलएमएस में नए उत्पादों, पाठ्यक्रमों और नई सुविधाओं के विकास एवं लैपटॉप की खरीद पर होने वाले खर्चों को पूरा करने के लिए 7.35 करोड़ रुपए जुटाने, कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए 5 करोड़ रुपए जुटाने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति एवं अज्ञात अधिग्रहण पर खर्च करने के लिए राशि जुटाने हेतु बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर ३ अप्रैल को बंद होगा।
कारोबारी गतिविधियां: 2014 में निगमित, इन्फोनेटिव सॉल्यूशंस लिमिटेड कॉर्पोरेट और शैक्षिक क्षेत्रों के लिए कस्टम लर्निंग डेवलपमेंट समाधान विकसित करने में विशेषज्ञता रखने वाली कंपनी है। कंपनी ई-लर्निंग सामग्री और सेवाओं के विकास और डिजाइन पर ध्यान केंद्रित करती है, जिसमें क्लाउड-आधारित लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (LMS) और अन्य संबंधित उत्पाद प्रदान करना शामिल है। कंपनी कस्टम ई-लर्निंग समाधान, परामर्श, कोर्सवेयर और ऑफ-द-शेल्फ सामग्री में माहिर है, जिसमें एलएमएस, इंस्ट्रक्शनल डिज़ाइन, गेमिफिकेशन, एआर/ वीआर-आधारित सामग्री और सॉफ़्टवेयर सिमुलेशन में विशेषज्ञता है। कंपनी फॉच्र्यून 500 कंपनियों, बिग 4 कंसल्टिंग फ़र्म, आईटी/ आईटीईएस, शिक्षा और बीएफएसआई, कंसल्टिंग और एफएमसीजी जैसे उद्योगों में सरकारी एजेंसियों सहित ग्राहकों को अत्याधुनिक ई-लर्निंग डिलीवरी सेवाएँ प्रदान करती है।
कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने 18.63 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 2.23 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 20.95 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 1.07 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने १८.०८ करोड़ रुपए का राजस्व और 1.45 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2025 में 30 सितंबर 2024 को समाप्त अवधि में कंपनी ने 11.42 करोड़ रुपए का राजस्व और 3.64 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी साल दर साल अच्छे वित्तीय परिणाम प्रस्तुत कर रही है। वित्त वर्ष 2025 में 30 सितम्बर 2024 को समाप्त अवधि में कंपनी ने 31.87 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2025 में 30 सितंबर 2024 को समाप्त अवधि में कंपनी की असेट्स 18.2 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 13.75 करोड़ रुपए, रिजर्व एंड सरप्लस 12.88 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 1.71 करोड़ रुपए दर्ज की गई। इस प्रकार कह सकते हैं कि कंपनी पर कर्ज भार ना के बराबर है।
आईपीओ की जानकारी: ‘इन्फोनेटिव सॉल्यूशंस लिमिटेड’ का आईपीओ आज खुलकर 3 अप्रैल 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 1 रुपए फेसवैल्यू 31,28,000 शेयर 75 रुपए से 79 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 24.71 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1600 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन शेयर इंडिया कैपिटल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

