Tuesday, July 14, 2026 |
Home Main Newsभारत सौर ऊर्जा में विश्व के शीर्ष 5 देशों में शामिल : पीएम मोदी

भारत सौर ऊर्जा में विश्व के शीर्ष 5 देशों में शामिल : पीएम मोदी

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/गोलाघाट (असम) (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत हरित ऊर्जा और नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि एक दशक पहले भारत सौर ऊर्जा उत्पादन में काफी पीछे था, लेकिन आज भारत सौर ऊर्जा क्षमता के मामले में दुनिया के शीर्ष पांच देशों में शामिल है। प्रधानमंत्री ने कहा, “बदलते समय में भारत को तेल और गैस पर निर्भरता कम करने के लिए वैकल्पिक ईंधन की जरूरत है।” उन्होंने एथनॉल को इसका एक सशक्त विकल्प बताया। उन्होंने कहा कि आज बांस से एथनॉल उत्पादन के लिए जिस नए संयंत्र का उद्घाटन हुआ है, उससे असम के किसानों और आदिवासी समुदायों को बड़ा लाभ मिलेगा।
पीएम मोदी ने बताया कि बायो-एथनॉल संयंत्र के संचालन के लिए बांस की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जा रही है। सरकार स्थानीय किसानों को बांस की खेती में सहयोग देगी और उसकी सीधी खरीद भी करेगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बांस चिपिंग से जुड़े छोटे-छोटे यूनिट भी स्थापित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि इस सेक्टर में लगभग 200 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह एकमात्र संयंत्र ही हजारों लोगों को लाभ पहुंचाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत बांस से एथनॉल बना रहा है, जबकि विपक्ष की सरकार के समय बांस काटने पर जेल तक जाना पड़ सकता था। उन्होंने बताया कि आदिवासी समाज के जीवन का अभिन्न हिस्सा होने के बावजूद बांस पर कई तरह की पाबंदियां थीं। पीएम मोदी ने कहा कि मौजूदा सरकार ने बांस काटने से जुड़ी रोक को हटाया है और इसका लाभ अब पूरे उत्तर-पूर्व को मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में असम अहम भूमिका निभा रहा है क्योंकि राज्य को राष्ट्रीय स्तर की एक बड़ी पहल ‘सेमीकंडक्टर मिशन’ के लिए चुना गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि असम की क्षमता सिद्ध है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस असम चाय को कभी उपनिवेश काल में कोई नहीं जानता था, उसे इसी धरती और इसके लोगों ने वैश्विक ब्रांड में बदल दिया। पीएम मोदी ने कहा कि नए युग में भारत की आत्मनिर्भरता दो महत्वपूर्ण क्षेत्रों ऊर्जा और सेमीकंडक्टर पर आधारित है और असम दोनों में ही महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

 



You may also like

Leave a Comment