प्रश्न 1: अपने शैक्षणिक और पेशेवर पृष्ठभूमि के बारे में बताएं?
उत्तर: मैं इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) खडग़पुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक हूं। बीते 36 वर्षों में मैंने बीमा क्षेत्र के विभिन्न पहलुओं में विभिन्न भूमिकाओं में कार्य किया है। मेरा पेशेवर सफर स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया से शुरू हुआ। इसके बाद मैंने बीमा उद्योग में जोखिम अभियंता (Risk Engineer) के रूप में प्रवेश किया, जहां मुझे प्रमुख कॉर्पोरेट ग्राहकों और बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ काम करने का अवसर मिला। मैं सितंबर 2024 से इफ्को-टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी में प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (MD & CEO) के रूप में कार्यरत हूं।
प्रश्न 2: इफ्को-टोकियो के लिए आपकी विकास रणनीति क्या है?
उत्तर: हमारी विकास रणनीति नवाचार (Innovation) और सततता (Sustainability) पर आधारित है। हम अपने उत्पाद पोर्टफोलियो का विविधीकरण कर रहे हैं ताकि ग्राहकों की बदलती आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके। साथ ही, हम डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन में निवेश कर रहे हैं ताकि ग्राहकों को सहज अनुभव मिल सके। हम टियर III, III, और IV शहरों में अपने नेटवर्क का विस्तार करके अविकसित बाजारों में पैठ बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
जहां हम ब्रोकिंग, एजेंसी, मोटर डीलर और ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म जैसे पारंपरिक वितरण चैनलों को सशक्त करते रहेंगे, वहीं कोऑपरेटिव्स और कोऑपरेटिव बैंकों के साथ साझेदारी के माध्यम से बीमा वितरण को भी बढ़ावा देंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में हमारा ध्यान स्वास्थ्य, मोटर और पैकेज पॉलिसियों पर रहेगा।

प्रश्न 3: वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन की स्थिति कैसी रही?
उत्तर: वित्त वर्ष 2024-25 हमारे लिए एक स्थिर और रणनीतिक दृष्टि से मजबूत वर्ष रहा है। हमने अपने पोर्टफोलियो को क्षेत्रीय और उत्पाद मिश्रण के लिहाज से संतुलित करने के लिए कुछ रणनीतिक सुधार किए। हमने व्यावसायिक बीमा और रिटेल हेल्थ में वृद्धि दर्ज की है, जबकि कॉरपोरेट हेल्थ में हमारी हिस्सेदारी को सीमित किया गया है। कुल मिलाकर, टॉप लाइन में थोड़ी गिरावट हुई, लेकिन अन्य वित्तीय मापदंडों में काफी मजबूती आई है। वित्त वर्ष 2024-25 के अंत में हमारी सॉल्वेंसी 1.85 रही। एक अनुशासित दृष्टिकोण के साथ, हमने ऑपरेशनल एफिशिएंसी, विवेकपूर्ण अंडरराइटिंग और प्रभावी क्लेम सर्विस पर ध्यान केंद्रित रखा है।
प्रश्न 4: इस वर्ष स्वास्थ्य बीमा को बढ़ावा देने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं? इसकी पहुंच बढ़ाने के लिए आगे क्या किया जाना चाहिए?
उत्तर: इफ्को-टोकियो ने जागरूकता अभियानों और उत्पाद नवाचारों के माध्यम से स्वास्थ्य बीमा को प्रचारित और सरल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। हमारी रिटेल हेल्थ प्रोडक्ट्स में शामिल वेलनेस प्रोग्राम में भागीदारी बढ़ी है।
हमारा Essential Health Protector रिटेल हेल्थ पॉलिसी, जो मध्यम वर्ग के ग्राहकों को ध्यान में रखकर बनाई गई है, इसमें अस्पताल में भर्ती, मेडिकल खर्च, सर्जरी और अंग प्रत्यारोपण जैसी स्थितियों को कवर किया जाता है। इसमें OPD, डेंटल और मैटरनिटी कवर जैसे ऐड-ऑन भी उपलब्ध हैं, जो विविध स्वास्थ्य आवश्यकताओं के अनुरूप सुरक्षा प्रदान करते हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में हमने अपने कैशलेस अस्पताल नेटवर्क में लगभग 1200 नए अस्पताल जोड़े हैं, जिससे अब यह आंकड़ा लगभग 4360 अस्पतालों तक पहुंच गया है।
प्रश्न 5: कार और बाइक इंश्योरेंस क्षेत्र में आपकी कंपनी कैसे विकास कर रही है?
उत्तर: मोटर इंश्योरेंस सेगमेंट में हमारा विकास स्थिर और केंद्रित है, जिसे नवाचार, बेहतर ग्राहक सहभागिता और उत्तरदायी उत्पाद पेशकशों द्वारा संचालित किया गया है। हमने ‘प्राइवेट कार एक्ट और कॉम्प्रिहेन्सिव पॉलिसी’ के लिए इनोवेटिव मोटर ऐड-ऑन्स पेश किए हैं।
एक विशेष ऐड-ऑन है “Pay How You Drive”, जो एक उपयोग-आधारित कवर है और यह तय करता है कि पॉलिसी का प्रीमियम वाहन के उपयोग और ड्राइविंग व्यवहार पर आधारित होगा। इसके अतिरिक्त, हमने बैटरी प्रोटेक्शन और एक्सेसरी कवर भी पेश किया है, जो बैटरी और इलेक्ट्रिक मोटर को कवर करता है। इन व्यक्तिगत और तकनीक-सक्षम उत्पादों के माध्यम से हम अपने ग्राहकों को अधिक मूल्य प्रदान करने और मोटर बीमा बाजार में अपनी स्थिति को और मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं।

