मुंबई | बीआर न्यूज नेटवर्क
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने अपनी कनेक्टेड मोबिलिटी यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय सडक़ों पर 8 लाख से अधिक कनेक्टेड कारों के पहुंचने की जानकारी दी है। कंपनी का लक्ष्य वर्ष 2027 तक कनेक्टेड कारों की संचयी बिक्री को 10 लाख इकाई तक पहुंचाना है। हुंडई ब्लूलिंक की वर्ष 2019 में शुरुआत के बाद कंपनी के पोर्टफोलियो में कनेक्टेड व्हीकल की स्वीकार्यता लगातार बढ़ी है और 2026 में यह 20 प्रतिशत तक पहुंच गई है। कंपनी वर्ष 2030 तक 20 लाख कनेक्टेड कारों की बिक्री का लक्ष्य लेकर चल रही है।
8 लाख से अधिक कनेक्टेड कारें सडक़ों पर
हुंडई मोटर इंडिया ने बताया कि उसके 8 लाख से अधिक कनेक्टेड वाहन वर्तमान में भारतीय सडक़ों पर चल रहे हैं। वर्ष 2019 में हुंडई ब्लूलिंक की शुरुआत के बाद कनेक्टेड व्हीकल की स्वीकार्यता में लगातार वृद्धि हुई है। कंपनी के पोर्टफोलियो में कनेक्टेड व्हीकल की हिस्सेदारी 2019 में 4 प्रतिशत थी, जो 2026 में बढक़र 20 प्रतिशत हो गई है। कंपनी अब 2027 तक 10 लाख और 2030 तक 20 लाख कनेक्टेड कारों की संचयी बिक्री का लक्ष्य हासिल करना चाहती है।
ब्लूलिंक में 70 से अधिक सुविधाएं
हुंडई ब्लूलिंक के जरिए ग्राहकों को सुरक्षा, सिक्योरिटी और सुविधा से जुड़ी 70 से अधिक सुविधाएं मिलती हैं। इनमें रिमोट व्हीकल मॉनिटरिंग, व्हीकल हेल्थ डायग्नोस्टिक्स, लोकेशन ट्रैकिंग, ट्रिप हिस्ट्री, रिमोट कमांड, हुंडई पे के जरिए इन-कार पेमेंट, डिजिटल की, डिजिटल पासपोर्ट, रिमोट इमोबिलाइजर और होम-टू-कार कनेक्टिविटी शामिल हैं। ब्लूलिंक पांच भाषाओं में 450 से अधिक एआई आधारित वॉयस कमांड को भी सपोर्ट करता है।
सॉफ्टवेयर डिफाइंड व्हीकल पर जोर
हुंडई मोटर इंडिया भविष्य की मोबिलिटी के लिए सॉफ्टवेयर डिफाइंड व्हीकल और कनेक्टेड मोबिलिटी को आगे बढ़ा रही है। कंपनी ने वर्ष 2019 में हुंडई वेन्यू के साथ भारत की पहली ओईएम-फिटेड कनेक्टेड एसयूवी पेश की थी। वर्ष 2020 में हुंडई आई20 के साथ ओटीए मैप अपडेट की शुरुआत हुई। वर्ष 2022 में अगली पीढ़ी की एवीएनटी कनेक्टेड तकनीक और वर्ष 2025 में कंट्रोलर ओटीए अपडेट क्षमता के साथ कनेक्टेड कार नेविगेशन कॉकपिट तकनीक पेश की गई।
आपात स्थिति में भी मददगार ब्लूलिंक
ब्लूलिंक तकनीक ने ग्राहकों की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कंपनी के अनुसार, एसओएस और रोडसाइड असिस्टेंस सेवाओं के जरिए 5 लाख से अधिक वाहन चालकों की सहायता की गई है। इसके अलावा करीब 15,000 दुर्घटना सूचना हस्तक्षेपों में मदद मिली है। कानून प्रवर्तन एजेंसियों को वाहन ट्रेसिंग और रिकवरी प्रयासों में भी सहयोग मिला है। ड्राइविंग स्कोर और डिजिटल पासपोर्ट जैसे फीचर्स ग्राहकों को सुरक्षित ड्राइविंग आदतें अपनाने और वाहन की बेहतर देखभाल में मदद कर रहे हैं।
आगामी इलेक्ट्रिक एसयूवी में नई कनेक्टेड तकनीक
हुंडई मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी तरुण गर्ग ने कहा कि कनेक्टेड वाहनों की बढ़ती स्वीकार्यता ग्राहकों की बदलती अपेक्षाओं और मोबिलिटी में तकनीक की बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि कंपनी 2027 तक 10 लाख कनेक्टेड कारों की बिक्री के लक्ष्य के साथ सॉफ्टवेयर आधारित मोबिलिटी और कनेक्टेड तकनीकों के विस्तार पर ध्यान दे रही है। कंपनी की आगामी मास मार्केट इलेक्ट्रिक एसयूवी में सभी वेरिएंट में अगली पीढ़ी की कनेक्टेड कार तकनीक स्टैंडर्ड रूप से उपलब्ध होगी। इससे कनेक्टेड और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के बीच तालमेल को और मजबूत करने की उम्मीद है।

