नई दिल्ली 7 बिजनेस रेमेडीज | सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी Garden Reach Shipbuilders & Engineers (GRSE) लिमिटेड को ‘नवरत्न’ का दर्जा प्रदान किया गया है। कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक Commodore P. R. Hari (सेवानिवृत्त) ने कहा कि सार्वजनिक उद्यम विभाग ने GRSE को उसके लगातार बेहतर वित्तीय और भौतिक प्रदर्शन के आधार पर यह दर्जा प्रदान किया। उन्होंने कहा कि ‘नवरत्न’ दर्जा मिलने से सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को अधिक वित्तीय और परिचालन स्वायत्तता प्राप्त होती है।
Kolkata स्थित इस युद्धपोत विनिर्माता कंपनी की वित्त वर्ष 2021-22 में परिचालन आय 1,754 करोड़ रुपये थी जो बढक़र 2025-26 में 7,002 करोड़ रुपये हो गई है। इसी अवधि में कंपनी का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2021-22 में 190 करोड़ रुपये था जो 2025-26 में बढक़र 748 करोड़ रुपये पहुंच गया। GRSE वाणिज्यिक जहाज भी बनाती है। कपंनी ने इस वर्ष आठ युद्धपोतों की आपूर्ति की है, जिनमें 30 मार्च 2026 को एक ही दिन में तीन युद्धपोत की डिलीवरी शामिल है।
उन्होंने कहा कि ‘नवरत्न’ का दर्जा कंपनी की यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि यह उन्नयन कंपनी को रणनीतिक अवसरों की तलाश, रक्षा विनिर्माण में आत्मनिर्भरता बढ़ाने, वैश्विक प्रतिस्पर्धा को मजबूत करने और 2047 तक भारत को एक प्रमुख समुद्री शक्ति बनाने में योगदान देने में और सक्षम बनाएगा।

