Sunday, August 9, 2026 |
Home AutomobileJuly में EV बिक्री ने बनाया नया record

July में EV बिक्री ने बनाया नया record

by Business Remedies
0 comments

इलेक्ट्रिक वाहनों की खुदरा बिक्री 3.28 लाख इकाइयों के पार
ईवी दोपहिया की बिक्री पहली बार 2 लाख के पार
तिपहिया वाहनों में इलेक्ट्रिक की हिस्सेदारी 65.1 प्रतिशत
यात्री इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में 83 प्रतिशत की हुई बढ़ोतरी
नई दिल्ली | बीआर न्यूज नेटवर्क
भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार तेज हो रही है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (फाडा) के अनुसार, जुलाई में देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की खुदरा बिक्री रिकॉर्ड 3,27,901 इकाइयों पर पहुंच गई। सालाना आधार पर इसमें 66 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। खास बात यह रही कि इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री पहली बार 2 लाख इकाइयों के पार पहुंची, जबकि यात्री और वाणिज्यिक इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में भी मजबूत बढ़ोतरी हुई।
ईवी बिक्री 3.28 लाख इकाइयों के रिकॉर्ड स्तर पर
जुलाई में सभी श्रेणियों को मिलाकर इलेक्ट्रिक वाहनों की खुदरा बिक्री 3,27,901 इकाई रही। सालाना आधार पर यह वृद्धि 66 प्रतिशत से अधिक है। इस दौरान देश में खुदरा बिकने वाले लगभग हर आठ वाहनों में से एक वाहन इलेक्ट्रिक रहा। फाडा के अनुसार, यह आंकड़ा भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को मिल रही बढ़ती उपभोक्ता स्वीकार्यता को दर्शाता है।
इलेक्ट्रिक दोपहिया की बिक्री पहली बार 2 लाख के पार
जुलाई में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री 88.3 प्रतिशत बढक़र 2,04,362 इकाई हो गई। इनकी बाजार हिस्सेदारी भी पिछले साल जुलाई के 7.7 प्रतिशत से बढक़र 11.2 प्रतिशत हो गई। टीवीएस मोटर 55,499 इकाइयों की बिक्री के साथ पहले स्थान पर रही। बजाज ऑटो ने 45,613 और एथर एनर्जी ने 30,357 इकाइयां बेचीं, जबकि ओला इलेक्ट्रिक की बिक्री 14,106 इकाई रही।
तिपहिया वाहनों में इलेक्ट्रिक विकल्प मजबूत
इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री जुलाई में सालाना आधार पर 25.3 प्रतिशत बढक़र 87,055 इकाई रही। इस श्रेणी में इलेक्ट्रिक वाहनों की बाजार हिस्सेदारी 65.1 प्रतिशत तक पहुंच गई। महिंद्रा समूह 14,191 इकाइयों की बिक्री के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि बजाज ऑटो 13,442 इकाइयों की बिक्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
यात्री इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 83 प्रतिशत बढ़ी
जुलाई में इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 83.1 प्रतिशत बढक़र 32,928 इकाई हो गई। बाजार हिस्सेदारी पिछले साल के 5 प्रतिशत से बढक़र करीब 8 प्रतिशत हो गई। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स 13,678 इकाइयों की बिक्री के साथ पहले स्थान पर रही। महिंद्रा एंड महिंद्रा ने 7,742 और जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने 5,689 इकाइयां बेचीं।
वाणिज्यिक ईवी की बिक्री में 181 प्रतिशत का उछाल
इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री जुलाई में करीब 181 प्रतिशत बढक़र 3,556 इकाई हो गई। इनकी बाजार हिस्सेदारी भी पिछले साल के 1.65 प्रतिशत से बढक़र 3.57 प्रतिशत हो गई। टाटा मोटर्स 1,306 इकाइयों की बिक्री के साथ इस श्रेणी में सबसे आगे रही। फाडा के उपाध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा कि ईवी अपनाना अब भविष्य का अनुमान नहीं, बल्कि बाजार की वास्तविकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहनों का दो लाख का आंकड़ा पार करना, तिपहिया वाहनों में इलेक्ट्रिक वाहनों का प्रमुख विकल्प बनना और वाणिज्यिक वाहनों में विद्युतीकरण बढऩा इस बदलाव की तेज रफ्तार को दर्शाता है।



You may also like

Leave a Comment