बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। नई दिल्ली आधारित ‘Eppletone Engineers Limited’ स्मार्ट मीटर सहित विभिन्न प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद निर्माण करने वाली विशेषज्ञ कंपनी है। कंपनी द्वारा कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं, कारखाने में अतिरिक्त मशीनरी की स्थापना, पूंजीगत व्यय के वित्तपोषण और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के प्रोस्पेक्ट्स से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।
कारोबारी गतिविधियां: 1977 में स्थापित, Eppletone Engineers Limited स्मार्ट मीटर सहित इलेक्ट्रॉनिक एनर्जी मीटर के निर्माण में विशेषज्ञता रखती है। इसके साथ ही कंपनी ने यूपीएस सिस्टम और उच्च श्रेणी के चार्जर जैसे विभिन्न पावर कंडीशनिंग उपकरणों के साथ-साथ एवीआर, एमसीबी और ट्रांसड्यूसर सहित उत्पादों के अपने विविध पोर्टफोलियो के लिए पहचान कायम की है। शुरुआत में कंपनी कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के लिए स्विच मोड पावर सप्लाई (एसएमपीएस) में विशेषज्ञता रखती थी। तदुपरांत कंपनी ने ऊर्जा प्रबंधन समाधानों पर ध्यान केंद्रित करते हुए औद्योगिक और उपभोक्ता दोनों जरूरतों को पूरा करने के लिए अपनी उत्पाद रेंज का काफी विस्तार किया है।कंपनी एक प्रमाणित संगठन है जो स्टैटिक वाट घंटे मीटर, स्मार्ट मीटर, वाटर मीटर, बीपीएल किट, यूपीएस सिस्टम, एलईडी ल्यूमिनरी, बैटरी प्रबंधन प्रणाली, चार्जर, पैक, सॉफ्टवेयर विकास, 4.5 किलोवाट विनियमित आपातकालीन चार्जर, शॉर्ट न्यूट्रल सेक्शन असेंबली, हल्के इन्सुलेटर असेंबली, मॉड्यूलर कैंटिलीवर सिस्टम और ऑटो टेंशनिंग डिवाइस की डिजाइनिंग और आपूर्ति में लगी हुई है।
कंपनी बीटूबी सेगमेंट में काम करती है और मुख्य रूप से सरकारी संस्थाओं को उत्पाद और सेवाएं प्रदान करती है, जो कंपनी के अधिकांश लेन-देन का हिस्सा हैं। कंपनी निजी क्षेत्र की उन कंपनियों को भी उत्पाद आपूर्ति करती है, जो विभिन्न उद्योगों में गैर-सरकारी और सरकारी संस्थाओं को सेवा प्रदान करती है। Eppletone की विविध उत्पाद श्रृंखला विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करती है, जिसमें इलेक्ट्रिक यूटिलिटीज, इंडस्ट्री, वाणिज्यिक प्रतिष्ठान और घरेलू उपभोक्ता शामिल हैं। कंपनी की प्राथमिक विनिर्माण इकाई ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश में 36,000 वर्ग फीट का प्लांट है जो उत्पादन और नवाचार के लिए केंद्रीय केंद्र के रूप में कार्य करती है।
Eppletone Engineers की नोएडा और ओखला, नई दिल्ली में सहायक इकाइयां हैं। ये इकाइयां विशेष उत्पादन प्रक्रियाओं, गुणवत्ता नियंत्रण और अनुसंधान और विकास (आरएंडडी) गतिविधियों को संभालकर प्राथमिक इकाई को पूरक बनाती हैं।
प्रवर्तकों का अनुभव
42 वर्षीय रोहित चौधरी कंपनी के प्रबंध निदेशक हैं। उनके पास नागपुर विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री और दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से इलेक्ट्रिकल में इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री है। इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण उद्योग में दो दशकों से अधिक के करियर के साथ, 2004 में Eppletone में शामिल हुए और इसके विकास और सफलता का एक अभिन्न हिस्सा रहे हैं। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में कंपनी की अत्याधुनिक एनएबीएल अनुमोदित आर एंड डी परीक्षण प्रयोगशाला की स्थापना हुई, जो परीक्षण उपकरणों से सुसज्जित है। इससे उच्च गुणवत्ता और परिशुद्धता वाले उत्पादों का उत्पादन सुनिश्चित होता है। उनके मार्गदर्शन और दूरदर्शिता के साथ, कंपनी के उत्पाद पोर्टफोलियो में तेजी से प्रभावशाली विस्तार हुआ है।

35 वर्षीय देवेन चौधरी कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक हैं। उनके पास इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री है। वे 2009 में Eppletone में शामिल हुए। उन्हें इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण उद्योग में 15 वर्षों का अनुभव है। अपने मेहनती प्रयासों के माध्यम से, उन्होंने एपेलटोन में असाधारण दक्षता हासिल की एवं शीर्ष-गुणवत्ता वाले मीटरिंग उत्पादों को तुरंत व लगातार वितरित किया, जिसके परिणामस्वरूप अधिकतम ग्राहक संतुष्टि हुई
41 वर्षीया रेशु चौधरी कंपनी की अध्यक्ष हैं और गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्य करती हैं। उन्हें अपने क्षेत्र में व्यापक ज्ञान है और वे समर्पण के साथ कंपनी को विस्तार दे रही हैं। उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री और दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से एम.टेक की डिग्री प्राप्त की है और महाराजा अग्रसेन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में लेक्चरर के रूप में दो साल से अधिक का अनुभव रखती हैं। अपने शैक्षणिक कार्यकाल में, रेशु चौधरी ने संस्थान की शैक्षणिक पेशकशों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने राष्ट्रीय सम्मेलनों का आयोजन किया एवं छात्रों व शिक्षकों को उभरते उद्योग रुझानों से जुडऩे के अवसर प्रदान किए और नई प्रयोगशालाओं की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे संस्थान के तकनीकी बुनियादी ढांचे में वृद्धि हुई। रेशु चौधरी की तकनीकी विशेषज्ञता, नेतृत्व और शिक्षा के प्रति समर्पण का संयोजन उन्हें संगठन के भीतर एक अमूल्य नेतृत्वकर्ता और संरक्षक बनाता है।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 72.99 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 1.09 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 80.04 करोड़ रुपए का राजस्व और 8.16 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 125.74 करोड़ रुपए का राजस्व और 11.23 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी साल दर साल अच्छे वित्तीय परिणाम प्रस्तुत कर रही है।
वित्त वर्ष 2025 के अंत में कंपनी की असेट 123.80 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 40 करोड़ रुपए, रिजर्व एवं सरप्लस 30.48 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 30.54 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। कंपनी का कर्ज इक्विटी अनुपात ०.४५ गुना का है और इस आधार पर कहा जा सकता है कि कंपनी पर कर्ज अधिक नहीं है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘Eppletone Engineers Limited’ का आईपीओ एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर 17 जून को खुलकर 19 जून 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 34,34,000 शेयर 125 से 128 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 43.96 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1000 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी एक्सपर्ट ग्लोबल कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

