बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। नई दिल्ली आधारित ‘EPPELTONE ENGINEERS LIMITED’ स्मार्ट मीटर सहित विभिन्न प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद निर्माण करने वाली विशेषज्ञ कंपनी है। कंपनी द्वारा कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं, कारखाने में अतिरिक्त मशीनरी की स्थापना, पूंजीगत व्यय के वित्तपोषण और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर १९ जून को बंद हो्रगा।
कारोबारी गतिविधियां: 1977 में स्थापित, EPPELTONE ENGINEERS LIMITED स्मार्ट मीटर सहित इलेक्ट्रॉनिक एनर्जी मीटर के निर्माण में विशेषज्ञता रखती है। इसके साथ ही कंपनी ने यूपीएस सिस्टम और उच्च श्रेणी के चार्जर जैसे विभिन्न पावर कंडीशनिंग उपकरणों के साथ-साथ एवीआर, एमसीबी और ट्रांसड्यूसर सहित उत्पादों के अपने विविध पोर्टफोलियो के लिए पहचान कायम की है। शुरुआत में कंपनी कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के लिए स्विच मोड पावर सप्लाई (एसएमपीएस) में विशेषज्ञता रखती थी। तदुपरांत कंपनी ने ऊर्जा प्रबंधन समाधानों पर ध्यान केंद्रित करते हुए औद्योगिक और उपभोक्ता दोनों जरूरतों को पूरा करने के लिए अपनी उत्पाद रेंज का काफी विस्तार किया है।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 72.99 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 1.09 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 80.04 करोड़ रुपए का राजस्व और 8.16 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 125.74 करोड़ रुपए का राजस्व और 11.23 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी साल दर साल अच्छे वित्तीय परिणाम प्रस्तुत कर रही है। वित्त वर्ष 2025 के अंत में कंपनी की असेट 123.80 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 40 करोड़ रुपए, रिजर्व एवं सरप्लस 30.48 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 30.54 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। कंपनी का कर्ज इक्विटी अनुपात ०.४५ गुना का है और इस आधार पर कहा जा सकता है कि कंपनी पर कर्ज अधिक नहीं है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘EPPELTONE ENGINEERS LIMITED’ का आईपीओ एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आज खुलकर 19 जून 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 34,34,000 शेयर 125 से 128 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 43.96 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1000 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी एक्सपर्ट ग्लोबल कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

