प्रतिदिन काम की व्यस्तता और तनाव के कारण हम अपने शरीर और दिमाग को सही आराम और ध्यान नहीं दे पाते। ऐसे में योग हमारे लिए एक बहुत बड़ा सहारा बनकर आता है। योग ना सिर्फ हमारे शरीर और दिलो दिमाग को फिट रखता है बल्कि मन को भी शांत और सुकून देने में मदद करता है। इस कारण से प्रति वर्ष आज के दिन विश्वभर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। आज की तेज रफ्तार जिंदगी में सेहत का ख्याल रखना बहुत जरूरी हो गया है, ऐसे में सभी को योग करने का प्रण लेना चाहिए, ताकि स्वास्थ्य अच्छा रहे सके। इस वर्ष की थीम “एक पृथ्वी और एक स्वास्थ्य के लिए योग” है, इसका मतलब है कि हम सबकी सेहत इस धरती के स्वास्थ्य से जुड़ी है। जब धरती स्वस्थ होगी, तो इंसान भी स्वस्थ रहेंगे। इस दिन लोग योग के फायदे जानने और अपनाने की कोशिश करते हैं। वर्ष, 2025 में यह दिन अपना 11वां साल मना रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत वर्ष, 2014 में हुई। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दिन को मनाने का प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र महासभा में रखा था। उस साल दिसंबर में संयुक्त राष्ट्र ने इसे मंजूरी दे दी। इसके बाद पहला योग दिवस 21 जून, 2015 को मनाया गया, जिसमें दुनिया के कई देशों के लाखों लोग शामिल हुए। तब से हर साल यह दिन बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। योग इस कड़ी को मजबूत करने में मदद करता है। योग एक प्राचीन शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक अभ्यास है, जिसकी उत्पत्ति भारत में हुई थी। योग शब्द संस्कृत से लिया गया है और इसका अर्थ है जुडऩा या एकजुट होना, जो शरीर और चेतना के मिलन का प्रतीक है। योग हमारे शरीर को लचीला, मजबूत और स्वस्थ बनाता है। इसके नियमित अभ्यास से हृदय संबंधी रोग, मोटापा, तनाव, चिंता और कई दूसरी बीमारियां दूर रहती हैं। योग मन को शांत करता है और सोचने-समझने की शक्ति बढ़ाता है।

