बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, जयपुर की 74वीं वार्षिक साधारण सभा का आयोजन राजस्थान चैम्बर के मोहनलाल सुखाडिय़ा स्मृति सभागार में किया गया। इस सभा में राजस्थान चैंबर की नवीन कार्यकारिणी के वर्ष 2024-27 के लिए चुनाव हुए। चुनाव अधिकारी अभय कुमार भंडारी, लक्ष्मी लाल जैन व मीनालाल अग्रवाल ने चुनाव परिणामों की घोषणा की। इसमें डॉ. के. एल. जैन को अध्यक्ष व पूर्व राजघराने से जुड़े जयसिंह पुन: सर्वसम्मति से प्रेसीडेंट ऐमेरिटस चुना गया।
इसके साथ ही डी. एस. भंडारी, आर. एस. जैमिनी, राजीव भंसाली, एस. के. पोद्दार, राजीव जैन व आत्मराम गुप्ता सर्वसम्मति से वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए। कांतिचन्द धांधिया कोषाध्यक्ष के पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए। इसके अतिरिक्त रेणु भंडारी, आर. पी. बटवाड़ा, डॉ अरुण अग्रवाल, एन. के. जैन, आनन्द महरवाल व बी. बी. शर्मा मानद महासचिव चुने गए।
राजस्थान चैम्बर की नवीन कार्यकारिणी में इसके अलावा 21 उपाध्यक्ष, 13 मानद सचिव, 27 मानद अतिरिक्त सचिव व 19 मानद संयुक्त सचिव भी चुने गए।
राजस्थान चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इण्डस्ट्री के अध्यक्ष डॉ. के. एल. जैन ने सभी सदस्यों को उन्हें अध्यक्ष के रूप में चुनने के लिए आभार जताया व चैम्बर के क्रियाकलापों में सहयोग देने के लिए आग्रह किया।

