बिजनेस रेमेडीज़/जयपुर। धरा शक्ति फाउंडेशन ने महिलाओं के स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने और ग्रामीण क्षेत्रों में कैंसर की शीघ्र पहचान को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सीकर के खूरी में महिलाओं के लिए नि:शुल्क ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का सफल आयोजन किया।
शिविर में कुल 40 महिलाओं की मैमोग्राफी स्क्रीनिंग की गई, जिनकी रिपोर्ट्स तुरंत शिविर स्थल पर ही उपलब्ध कराई गईं। प्रत्येक जांच में लगभग 15-20 मिनट का समय लगा और यह पूरी प्रक्रिया प्रशिक्षित महिला स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा एक पूरी तरह सुसज्जित, वातानुकूलित मोबाइल वैन में की गई। इस दौरान महिलाओं को स्तन स्वास्थ्य, स्वयं जांच की विधि और नियमित जांच की आवश्यकता के बारे में भी उपयोगी जानकारी दी गई।
यह सराहनीय पहल फीक्की फ्लो और मरुधर हॉस्पिटल के सहयोग और साझेदारी से संभव हो पाई। इस पहल ने धरा शक्ति फाउंडेशन को उन महिलाओं तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में सक्षम बनाया, जिन्हें अक्सर प्रिवेंटिव केयर पाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इस अवसर पर फाउंडेशन की संस्थापक देविका शेखावत ने कहा कि, हम डॉ. रिम्मी शेखावत और फिक्कीफ्लो के प्रति हृदय से आभारी हैं, जिन्होंने हमारी समुदाय की महिलाओं को इतना महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। उनके सहयोग से हम उन तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा पा रहे हैं, जिन्हें इनकी सबसे अधिक आवश्यकता है। हम इस मिशन को आगे भी जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
ऐसी पहलों के माध्यम से धरा शक्ति फाउंडेशन जागरूकता, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और समय पर जांच को बढ़ावा देकर निरंतर महिलाओं को सशक्त बना रहा है।

