जयपुर। जयपुर स्थित ढाबरिया पॉलीवुड लिमिटेड ने देश के रियल एस्टेट क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति को और विस्तार देते हुए अरसा प्रोजेक्ट्स और रेडियंस रियल्टी ग्रुप से ₹.10.90 करोड़ का बड़ा कार्य आदेश प्राप्त किया है। कंपनी ने इस संबंध में शेयर बाजारों को जानकारी देते हुए बताया कि यह ऑर्डर यूपीवीसी खिड़कियों और दरवाजों की आपूर्ति तथा स्थापना से जुड़ा हुआ है। इस कार्य आदेश की कुल कीमत जीएसटी सहित ₹.10.90 करोड़ निर्धारित की गई है।
कंपनी लंबे समय से आंतरिक एवं बाह्य साज-सज्जा से जुड़े पीवीसी और यूपीवीसी उत्पादों के निर्माण में सक्रिय है। ढाबरिया पॉलीवुड लिमिटेड विशेष रूप से आधुनिक भवन निर्माण परियोजनाओं के लिए उच्च गुणवत्ता वाले दरवाजे, खिड़कियां और अन्य सजावटी उत्पाद तैयार करती है। कंपनी के उत्पादों की मांग रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही है।
अरसा प्रोजेक्ट्स और रेडियंस रियल्टी ग्रुप से मिला यह नया ऑर्डर कंपनी के कारोबार को मजबूती देने वाला माना जा रहा है। इससे आने वाले समय में कंपनी की आय और ऑर्डर बुक में सकारात्मक वृद्धि देखने को मिल सकती है। रियल एस्टेट क्षेत्र में तेजी के बीच इस तरह के बड़े कार्य आदेश कंपनी की बाजार स्थिति को और मजबूत करने में मदद करेंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि निर्माण क्षेत्र में तेजी और आधुनिक आवासीय परियोजनाओं की बढ़ती संख्या के कारण यूपीवीसी उत्पादों की मांग में लगातार इजाफा हो रहा है। ऐसे में ढाबरिया पॉलीवुड लिमिटेड को भविष्य में भी नए प्रोजेक्ट्स मिलने की संभावना मजबूत बनी हुई है।

