देशभर में होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग और छोटे कारोबारों पर एक बार फिर महंगे Commercial LPG का बोझ बढ़ गया है। सोमवार से लागू नई दरों के अनुसार, दिल्ली में 19-किलोग्राम वाले Commercial LPG सिलेंडर की कीमत में ₹.42 की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद राजधानी में इसकी खुदरा कीमत बढ़कर ₹.3,113.50 हो गई है।
वहीं, कोलकाता में Commercial LPG सिलेंडर की कीमत में ₹.53.50 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अब वहां 19-किलोग्राम सिलेंडर ₹.3,255.50 में मिलेगा। लगातार बढ़ती गैस कीमतों ने कारोबारियों की चिंता और बढ़ा दी है, क्योंकि पहले से ही ईंधन और परिवहन खर्च में तेजी बनी हुई है। तेल विपणन कंपनियों ने 5-किलोग्राम Free Trade LPG सिलेंडर की कीमत में भी ₹.11 की बढ़ोतरी की है। दिल्ली में अब यह सिलेंडर ₹.821.50 में उपलब्ध होगा। हालांकि, घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिली है।
साल की शुरुआत से ही Commercial LPG की कीमतों में लगातार तेज बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। जनवरी में दिल्ली में 19-किलोग्राम Commercial LPG सिलेंडर की कीमत ₹.1,691.50 थी, जो अब बढ़कर ₹.3,113.50 तक पहुंच गई है। यानी केवल 5महीनों में कीमत में ₹.1,400 से अधिक की बढ़ोतरी हो चुकी है। फरवरी में Commercial LPG की कीमत में ₹.49 की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद मार्च में ₹.115 की और बढ़ोतरी हुई। अप्रैल में सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई, जब एक सिलेंडर पर ₹.993 तक कीमत बढ़ा दी गई थी। मई में कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी रहीं और अब जून में फिर नई बढ़ोतरी लागू कर दी गई है।
देश के अन्य बड़े शहरों में भी Commercial LPG की कीमतें काफी ऊंचे स्तर पर पहुंच चुकी हैं। मुंबई में 19-किलोग्राम Commercial LPG सिलेंडर ₹.3,024.50 में मिल रहा है। चेन्नई में इसकी कीमत ₹.3,232 हो गई है, जबकि हैदराबाद में ₹.3,294 और पटना में ₹.3,322 तक पहुंच गई है। Commercial LPG के साथ-साथ अन्य ईंधन श्रेणियों में भी हाल के दिनों में बढ़ोतरी देखी गई है। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में CNG की कीमत ₹.2 प्रति किलोग्राम बढ़ाई गई है। इसके बाद खुदरा कीमत ₹.83.09 प्रति किलोग्राम हो गई है। 15मई के बाद से अब तक CNG की कीमतों में कुल ₹.6 प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हो चुकी है।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी हालिया हफ्तों के दौरान तेजी दर्ज की गई है। पेट्रोल की कीमत ₹.7.35 प्रति लीटर और डीजल की कीमत ₹.7.53 प्रति लीटर तक बढ़ चुकी है। ऐसे में परिवहन और Commercial LPG दोनों पर निर्भर कारोबारों की संचालन लागत में और इजाफा होने की संभावना है। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक ऊर्जा बाजार में जारी अस्थिरता और अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला में बाधाओं के कारण Commercial LPG की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसका असर आने वाले समय में कई कारोबार क्षेत्रों पर और अधिक देखने को मिल सकता है।

