नई दिल्ली, वाणिज्यिक उपयोग में आने वाले 19-किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर के दाम में आज से ₹.993 की बढ़ोतरी कर दी गई है। इस संशोधन के बाद दिल्ली में 19-किलोग्राम सिलेंडर की कीमत अब ₹.3071.5 हो गई है। यह बढ़ोतरी आज शुक्रवार से प्रभावी हो गई है।
सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस उपभोक्ताओं, जिनकी संख्या लगभग 33करोड़ है, के लिए एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे आम जनता को फिलहाल राहत बनी हुई है। बताया जा रहा है कि यह तीसरी बार है जब 19-किलोग्राम वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में वृद्धि की गई है। इससे पहले फरवरी के अंत में पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़े तनाव के बाद वैश्विक ऊर्जा कीमतों में उछाल देखा गया था। इसके बाद मार्च की शुरुआत में करीब ₹.115 की वृद्धि हुई थी और फिर 1अप्रैल को लगभग ₹.200 का इजाफा किया गया था।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अनुसार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। कंपनी ने कहा कि आम जनता को प्रभावित करने वाले प्रमुख ईंधनों के दाम स्थिर रखे गए हैं। घरेलू विमान सेवाओं के लिए एविएशन टरबाइन फ्यूल की कीमतें भी यथावत रखी गई हैं। तेल कंपनियों ने वैश्विक स्तर पर बढ़ी लागत को खुद वहन करने का निर्णय लिया है, ताकि एयरलाइंस और यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।
सरकार ने बताया कि पेट्रोलियम उत्पादों की घरेलू उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 27मार्च2026 से निर्यात पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क और सड़क एवं अवसंरचना उपकर लागू किया गया है। इसका उद्देश्य निर्यात को कम करना और देश में आपूर्ति बनाए रखना है। इन शुल्कों की समीक्षा हर पंद्रह दिन में की जाती है और पिछली समीक्षा 11अप्रैल2026 को की गई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल और एविएशन टरबाइन फ्यूल की औसत कीमतों के आधार पर दरें तय की जाती हैं।
केंद्रीय सरकार ने 1मई2026 से अगले पखवाड़े के लिए नई दरें जारी कर दी हैं। इसके अनुसार डीजल के निर्यात पर शुल्क ₹.23 प्रति लीटर निर्धारित किया गया है, जबकि एविएशन टरबाइन फ्यूल पर यह ₹.33 प्रति लीटर रहेगा। पेट्रोल के निर्यात पर शुल्क शून्य रखा गया है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि घरेलू खपत के लिए पेट्रोल और डीजल पर मौजूदा उत्पाद शुल्क दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

