Monday, July 6, 2026 |
Home Breaking Newsकैंसर रोगियों को अब मिल सकेगा सस्ता और सुलभ इलाज!

कैंसर रोगियों को अब मिल सकेगा सस्ता और सुलभ इलाज!

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। अब वह दिन दूर नहीं जब लम्बा इलाज चलने वाले कैंसर रोगी को कम कीमतों में उपचार तथा दवाईयां मिल सकेंगी। केंद्र सरकार लगातार स्वास्थ्य खर्च में बढ़ोतरी कर आमजन के लिए राहत प्रदान कर रही है।

फरवरी माह में ही पेश बजट में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने कैंसर और कुछ रेयर डिजीज की 36 दवाओं को सस्ता करने की घोषणा कर गरीब और मध्यम वर्ग के लिए कम कीमतों में उपचार करवाने की सुविधा प्रदान कर वाही-वाही लूटी है। वहीं वित्त मंत्री ने ऐलान किया है कि अगले 3 सालों में देशभर के सभी जिलों में डे केयर कैंसर सेंटर खोले जाएंगे। वहीं इस वित्त वर्ष में 200 ऐसे सेंटर खोले जाएंगे। प्रत्येक सेंटर पर 10 बेड की व्यवस्था होगी, जहां मरीज कीमोथेरेपी लेने के बाद शाम को अपने घर जा सकेगा। इस तरह कुल 7000 नए बेड जिला अस्पतालों में जोडऩे की योजना है। सरकार ने बजट में इस साल स्वास्थ्य के लिए कुल 99,858 करोड़ रुपए का बजट आवंटित करने का फैसला किया है।

रोकथाम और नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम होगा लागू : कैंसर सहित गैर संचारी रोगों के खिलाफ सरकार काफी समय से राज्यों के साथ मिलकर काम कर रही है। गैर-संचारी रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम भी लागू है। अब तक 707 जिला एनसीडी क्लीनिक, 268 जिला डे केयर केंद्र और 5541 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एनसीडी क्लीनिक स्थापित किए गए हैं। आगे इन्हीं केंद्रों के साथ डे केयर कैंसर सेंटर को रखने की योजना है। अभी इन केंद्रों पर पांच तरह के कैंसर की स्क्रीनिंग की जा रही है, लेकिन डे केयर कैंसर सेंटर शुरू होने के बाद यहां चिकित्सा परामर्श से लेकर कीमोथेरेपी और दिन में एक समय का आहार भी रोगियों को उपलब्ध होगा।

मेडिकल टूरिजम के लिए ‘हील इन इंडिया’: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि ‘हील इन इंडिया’ योजना के तहत मेडिकल टूरिज्म को सरकार बढ़ावा देगी और वीजा प्रक्रिया को आसान बनाएगी। भारत में मेडिकल टूरिज्म को निजी क्षेत्र के सहयोग से बढ़ावा दिया जाएगा।
कैंसर की 36 दवाएं होंगी सस्ती: बजट में जहां कैंसर और दुर्लभ बीमारियों की 36 दवाओं को पूरी तरह से बेसिक कस्टम ड्यूटी से छूट देने की घोषणा की है। साथ ही सरकार 37 और दवाओं पर भी बेसिक कस्टम ड्यूटी खत्म करेगी। वहीं कैंसर, गंभीर बीमारियों और अन्य गंभीर रोगों से पीडि़त लोगों को राहत देने के लिए 36 जीवन रक्षक दवाओं को पूरी तरह कस्टम ड्यूटी से मुक्त करने का प्रस्ताव है।

मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगी सीट: वित्त मंत्री ने कहा है कि वित्त वर्ष में मेडिकल एजुकेशन को बढ़ाने के लिए ज्यादा सीटें जोड़ी जाएंगी। अगले साल मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में 10,000 नई मेडिकल सीटें जोड़ी जाएंगी और अगले 5 साल में 75,000 नई सीटें जोड़ी जाएंगी। खुलेंगे 200 कैंसर डे-केयर सेंटर: इसके साथ ही अगले 3 वर्षों में सभी जिलों के सरकारी अस्पतालों में 200 कैंसर डे-केयर सेंटर खोले जाएंगे। गिग वर्कर्स (फ्रीलांस काम करने वाले लोग) को पीएम जन आरोग्य योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाएंगी। इसके अलावा सभी सरकारी सैकेंडरी स्कूलों और प्राइमरी हेल्थकेयर सेंटर्स को ब्रॉडबैंड इंटरनेट से जोड़ा जाएगा।

केंद्र के बजट में सरकार ने मेडिकल और कैंसर जैसी बीमारी के लिए उपचार तथा दवाईयों में जो सहूलियतें प्रदान की है, वह काफी राहत देने वाली है। सरकार ने इम्यूनोथेरेपी पर जो इम्पोर्ट ड्यूटी हटाई है, इससे कैंसर रोगियों को काफी सहूलियत मिल पाएगी। अभी इस पर हर तीन सप्ताह में करीब ४ लाख रुपए का खर्चा आता था, लेकिन अब इम्पोर्ट ड्यूटी हटने से इसकी रेट आधी हो जाएगी। कैंसर रोगी सारी आशा खो देने के बाद ही इम्यूनोथेरेपी का सहारा लेता है, इससे अब इसकी कम दरों से राहत मिल पाएगी। वल्र्ड लेबल की दवाईयां भी यूके की तरह ही भारत में भी कम कीमत में मिल सकेगी।
-डॉ. रोहित स्वामी, डीएम मेडिकल ऑन्कोलॉजी (टीएमएच मुंबई) और
वरिष्ठ सलाहकार मेडिकल ऑन्कोलॉजी, नारायणा अस्पताल, जयपुर

 

सरकार की ओर से बजट में स्वास्थ्य खर्च में बढ़ोतरी, गंभीर बीमारियों पर टैक्स हटाने जैसी जो योजना तैयार की गई है, वह अनुकरणीय कदम है। इसकी प्रशंसा करना बहुत जरूरी है। इससे उन लोगों को बहुत फायदा होगा जो पैसे के अभाव में गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर का उपचार नहीं कर पाते थे। अब उन्हें दवाईयों व थेरेपी पर टैक्स हटाने या फिर कम कर देने से सस्ती दरों पर उपचार हो सकेगा।
-डॉ. प्रेम प्रकाश पाटीदार, निदेशक, एंडोक्राइनोलॉजिस्ट,
जीवन रेखा सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल जयपुर

सरकार ने मेडिकल तथा कैंसर की बीमारी में ड्यूटी व जीएसटी कम कर प्रशंसनीय काम किया है। अब रोगियों को महंगी दवाईयों और थेरेपी पर ड्यूटी व जीएसटी कम करने से कम खर्चा वहन करना पड़ेगा। रोगी को अब इलाज कम दरों में सुलभ हो सकेगा। इसके अलावा सभी जिलों में डे केयर कैंसर सेंटर खोले जाने का प्रावधान कर सराहनीय काम किया है। इससे रोगियों को सस्ता और जल्द इलाज मिल सकेगा।
-डॉ.सुधीर पलसानिया, कंसल्टेंट मेडिकल ऑन्कोलॉजी,
शैल्बी हॉस्पिटल,जयपुर

 

कुंजेश कुमार पतसारिया



You may also like

Leave a Comment